सर्बिया के खिलाफ हार के बाद रोनाल्डो ने किया ये काम , जानकर फैस हुए हैरान

पुर्तगाल के कप्तान और स्टार फुटबॉलर खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के लिए रविवार का दिन कुछ खास नहीं रहा। उनकी टीम को फीफा विश्व कप 2022 क्वालिफायर में सर्बिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

सर्बिया ने पुर्तगाल को 2-1 से हराया। हार के बाद रोनाल्डो काफी निराश दिखे और गुस्से में भी थे। उन्होंने कई खिलाड़ियों से हाथ भी नहीं मिलाया। इसका वीडियो अब वायरल हो रहा है।

पुर्तगाल के लिए मैच इसलिए भी निराशाजनक रहा, क्योंकि उन्होंने मैच शुरू होते ही 1-0 की लीड ले ली थी। रेनैटो सांचेज ने गोल दाग टीम को बढ़त दिलाई थी। इसके बाद आखिरी कुछ मिनटों में गोल गंवाकर पुर्तगाल को हार का सामना करना पड़ा। इससे पुर्तगाल के विश्व कप 2022 खेलने की उम्मीदों को भी बड़ा झटका लगा है। 2022 विश्व कप रोनाल्डो का आखिरी विश्व कप हो सकता है।

पुर्तगाल से शुरुआती गोल खाने के बाद सर्बिया ने बेहतरीन वापसी की और 33वें मिनट में दुसान टेडियैक ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद सर्बिया ने धीरे-धीरे पजेशन भी अपने पास करना शुरू किया। दूसरे हाफ में 90वें मिनट में एलेक्जेंडर मित्रोविच ने दाएं विंग से बेहतरीन गोल कर सर्बिया को 2-1 की बढ़त दिलाई।
2016 की यूरोपियन चैंपियन पुर्तगाल के खिलाफ सर्बिया ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और 58 फीसदी बॉल पजेशन अपने पास रखा। टीम ने कुल 441 पास पूरे किए। वहीं, पुर्तगाल ने 334 पास पूरे किए। आठ मैचों के बाद 20 अंक के साथ सर्बिया ने 2022 फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया। वहीं, पुर्तगाल के 17 अंक रहे।