बनाए क्रिस्पी कलरफुल मठरी, जाने रेसिपी

होली पर नमक पारे और मठरी बनाने का चलन काफी पुराना है। घर की महिलाएं गुजिया के साथ घर आए मेहमानों को चटपटी क्रिस्पी मठरी भी टेस्ट करवाना बिल्कुल नहीं भूलती हैं।

होली पर अगर आप भी घर आए अपने गेस्ट का स्वागत टेस्टी मठरी के साथ करना चाहती हैं तो सिंपल नहीं इस होली बनाएं कलरफुल मठरी। आइए जानते हैं इस कलरफुल मठरी को बनाने के लिए अपनाने होंगे क्या टिप्स।

क्रिस्पी कलरफुल मठरी बनाने के लिए सामग्री-
-मैदा- 200 ग्राम
-नमक-1 टेबलस्पून
-बेकिंग सोड़ा- 1/5 टीस्पून
-तेल- 4 टेबलस्पून
-गुनगुना पानी- 1 कप
-फूड कलर- लाल, हरा, पीला

क्रिस्पी कलरफुल मठरी बनाने की विधि-
कलरफुल मठरी बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में 200 ग्राम मैदा के साथ मोयन के लिए थोड़ा सा तेल भी डालें। इसके बाद इसमें 1 टेबलस्पून नमक और 1/5 टीस्पून बेकिंग सोड़ा डालें। अब सारी सामग्री को अपनी अंगुलियों की मदद से अच्छे से मिलाकर इसका डो तैयार कर लें। डो तैयार करने के लिए गुनगुना पानी धीरे-धीरे डालते हुए आटा गूंथें। ध्यान रहे कि डो ज़्यादा नरम नहीं होना चाहिए। डो तैयार करने के बाद इसे 10 मिनट के लिए अलग रख दें।

डो को अब चार बराबर भागों में चाकू की मदद से काट लें। एक भाग में लाल रंग का फूड कलर, दूसरे भाग में हरा, तीसरे भाग में पीला और चौथे भाग को ऐसे ही छोड़ते हुए एक बार फिर आटे के चारों भागों को अलग-अलग ही अच्छी तरह एक बार फिर गूंथ लें। ताकि आटे में रंग अच्छी तरह से मिल जाए। इसके बाद अब पहले लाल रंग वाले डो को चकले पर रखकर बेलन की मदद से एक बड़ी रोटी जितने आकार में उसे बेल लें। अब पीले रंग के भाग को बेलकर रोटी जैसा बना लेंगे। फिर हरे रंग वाली रोटी बनाएंगे। अंत में बिना कलर वाले डो को भी बेल लेंगे।

सारे डो बेल लेने के बाद अब सबसे पहले रेड कलर वाली रोटी रखेंगे। उसके ऊपर थोड़ा पानी ब्रश से लगाएंगे और फिर ग्रीन कलर वाली रोटी रखकर ब्रश से पानी लगाएंगे। इसके बाद पीले रंग की रोटी रखकर पानी लगाएंगे और अंत में बिना कलर वाली रोटी रखेंगे।

उस पर लेयर्ड रोटियों को रोल कर लेंगे और आखिरी सिरे पर ब्रश से पानी लगाकर अच्छे से रोल कर लेंगे। अब पतली स्लाइस में मठरी काटेंगे। आपकी कलरफुल मठरी तलने के लिए तैयार है। एक कड़ाही में तेल गर्म करके कलरफुल मठरियां तल लें। इसके बाद मठरियों को एक पेपर टॉवल पर निकालकर अतिरिक्त तेल निकाल लें। आपकी होली के लिए कलरफुल मठरी बनकर तैयार है।