पढ़िए पीएम मोदी का पूरा भाषण, बोले-काठ की हांडी को कितनी बार चढ़ाएंगे विपक्षी

लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सहारनपुर की धरती से चुनावी शंखनाद किया। प्रधानमंत्री की रैली दिल्ली रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग मैदान में आयोजित की गई है। यहां जनसभा स्थल के मंच से पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत राम-राम से की और मां शाकंभरी देवी को नमन किया।

पीएम मोदी ने राम-राम से मंच पर पहुंचकर अपना संबोधन शुरू कर कहा कि दुनिया भर में देश का डंका बज रहा है। हमारा स्थान मां शक्ति का स्थान है। विपक्षी गठबंधन के लोग खुलेआम चुनौती दे रहे हैं कि उनकी लड़ाई शक्ति के खिलाफ है। क्या कोई शक्ति को खत्म कर सकता है? जिन-जिन लोगों ने शक्ति को खत्म करने का काम किया है, वह इतिहास में दर्ज है।

मैंने गारंटी दी थी, देश नहीं झुकने दूंगा
पीएम ने कहा कि याद कीजिए 2014 के वो दिन, उस समय देश घोर संकट के दौर से गुजर रहा था। मैंने उस समय गारंटी दी थी कि देश झुकने नहीं दूंगा, हर स्थिति को बदलूंगा। निराशा को आशा और आशा को विश्वास में बदलूंगा। आपने अपने आशीर्वाद में कोई कमी नहीं रखी। याद कीजिए तब हमारा भारत 11वें नंबर की ताकत था। अब मोदी ने 5वें नंबर की ताकत बना दिया है। आज भारत की तस्वीर विकसित देश की बना दी है। पूरे विश्व में देश का डंका बज रहा है।

राजनीति नहीं राष्ट्रनीति पर चलती है भाजपा: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन कमीशन और मोदी सरकार मिशन के लिए है। कहा कि आपने गलत जवाब दे दिया, ये मोदी का डंका नहीं, आप लोगों का है। हिंदुस्तान के हर कोने से एक ही आवाज आ रही है, फिर एक बार मोदी सरकार। आज भाजपा का स्थापना दिवस है। बहुत कम समय में भाजपा के साथ रिकॉर्ड लोग जुड़े हैं। भाजपा ने लोगों का दिल जीता है। इसका सबसे बड़ा कारण है भाजपा राजनीति नहीं राष्ट्रनीति पर चलती है।