भारत में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के मरीज, 24 घंटे में आए इतने नए मामले

दिल्ली में मंगलवार रात से नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। हालांकि, मंगलवार को ही राजधानी में 5100 नए केस भी सामने आए। पिछले साल 27 नवंबर के बाद एक दिन में दिल्ली में सामने आए सर्वाधिक नए मामले हैं।

पिछले साल 27 नवंबर को शहर में 5,482 मामले सामने आये थे। बहरहाल, 17 और मरीजों की मौत के साथ मृतकों की संख्या 11,113 हो गई है। दिल्ली में 30 अप्रैल तक नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। दिल्ली में 12 लाख से ज्यादा लोगों का अब तक टीकाकरण हो चुका है।

इससे पहले भारत में कोरोना के सबसे अधिक 1,03,558 नए मामले रविवार को आए थे। केंद्र सरकार आगाह कर चुकी है कि भारत में अगले चार हफ्ते बेहद महत्वपूर्ण हैं। केंद्र ने कहा है कि पिछले साल के मुकाबले इस साल कोरोना महामारी तेजी से फैल रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ये तक कहा है कि ऐसा लगता है कि लोगों ने मास्क पहनने की बात की ‘तिलांजली’ दे दी है।

सूत्रों के अनुसार हालात को देखते हुए सरकार अब जल्द ही 18 साल से ऊपर के लोगों को वैक्सीन देने की भी घोषणा कर सकती है। फिलहाल 45 साल से अधिक के लोगों को कोरोना की वैक्सीन दी जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में इसी के साथ कोरोना से मरने वालों की संख्या 1,66,177 हो गई है। अब तक देश में कुल एक करोड़ 28 लाख से अधिक लोग (1,28,01,785) संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, 1 करोड़ 17 लाख 92 हजार 135 लोग ठीक भी हुए हैं।

देश में एक्टिव मरीजों की संख्या भी अब 8 लाख से ऊपर हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार एक्टिव मरीजों की संख्या अब 8,43,473 हो गई है। देश में अब तक कल 8 करोड़ 70 लाख लोगों को कोरोना का टीका लगाया है।

भारत में कोरोना संक्रमण के एक बार फिर पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड संख्या में नए मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में एक दिन में कोरोना के 1,15,736 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 630 लोगों की मौत भी इस अवधि में हुई है।