पूरा देश मना रहा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दी श्रद्धांजलि

आजादी की लड़ाई को नई ऊर्जा और नया आयाम देने वाले नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती को पूरा देश मना रहा है। इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य नेताओं ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि दी है।

वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि देते हुए 23 जनवरी को नेशनल हॉलिडे घोषित करने की मांग की है।

दरअसल, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्विटर पर लिखा, ‘नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर भारत कृतज्ञतापूर्वक श्रद्धांजलि देता है। स्वतंत्र भारत के विचार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाने के लिए उन्होंने- आजाद हिंद के गठन जैसे साहसी कदम उठाए। ये उन्हें राष्ट्रीय प्रतीक बनाते हैं। उनके आदर्श और बलिदान हर भारतीय को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, ‘सभी देशवासियों को पराक्रम दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर उन्हें मेरी आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर हर भारतीय को गर्व है।’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, ‘पराक्रम दिवस की बधाई। मैं इस अवसर पर साहस और वीरता के प्रतीक नेताजी सुभाष चंद्र बोस को नमन करता हूं। उन्होंने अपनी मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए लड़ते हुए काफी संघर्ष किया। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उनका योगदान हमें आज भी प्रेरणा देता है।’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को याद करते हुए ट्विट्टर पर लिखा, ‘नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर देश उन्हें व उनके जोशीले शब्दों को याद करता है। विनम्र श्रद्धांजलि।