प्रयागराज : टॉस से हुआ प्रधान का फैसला, भारी संख्या में जुट गयी भीड़

मतगणना 12 घंटे से अधिक तक चल सकती है। उसी हिसाब से प्रशासन ने तैयारी भी की है। इसके लिए करीब नौ हजार कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी गई।

वोटों की गिनती के दौरान भले ही कर्मचारियों को आराम मिल रहा हो, पर सहायक निर्वाचन अधिकारी वहां पर लगातार काम करेंगे। वह मतगणना खत्म होने तक केंद्र पर रहेंगे। इस दौरान कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से पालन किया जाएगा।

विकास खंड सहसों में मतगणना स्थल के सामने बगीचे में भारी भीड़ जुट गई थी। यह देख पुलिस कर्मी वहां पहुंचे और लोगों को वहां से खदेड़ा। मतों की गिनती के लिए कर्मचारियों की दो शिफ्ट बनाई गई है।

एक शिफ्ट के कर्मचारी सुबह आठ से शाम आठ बजे तक गणना करेंगे। उसके बाद रात आठ से सुबह आठ तक दूसरी शिफ्ट काम करेगी। यह चुनाव बैलेट पेपर से हुआ है। इसलिए परिणाम आने में थोड़ी देरी होगी और दोपहर बाद रुझान आने लगेंगे।

प्रयागराज में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना सुबह आठ बजे से जारी है। भगवतपुर ब्लाक में ग्राम पंचायत सदस्य की 10 सीटों का परिणाम भी आ चुका है।

सोरांव विकासखंड के करोंदी ग्राम सभा में प्रधान का चुनाव टॉस के जरिए किया गया। यहां दो उम्मीदावारों को 170 वोट मिले थे। इसके बाद टॉस के जरिए विजेता का फैसला किया गया और भूवरलाल यहां के नए प्रधान बने।