गरजने लगीं पोकलैन-जेसीबी, ढहा दी गईं अवैध दुकानें, शोरूम और मकान; सड़कों पर बना खाना

कुकरैल रिवरफ्रंट की जद में आ रहे अकबरनगर में 20 मकान जमीदोंज करने के बाद मंगलवार शाम से अवैध शोरूम, गोदाम ध्वस्त करने का सिलसिला शुरू हो गया। अदालत में सबसे पहले दायर 25 व्यापारियों की याचिका में से 24 के खारिज होने का आदेश जैसे ही अपलोड हुआ, शाम 4:48 बजे पहले से तैयार खड़ीं 40 पोकलैन, जेसीबी गरजने लगीं। जिन कारोबारियों के शोरूम-दुकान टूटे, वे जीएसटी और आयकर के लिए मोटी रकम चुकाते रहे हैं।

कार्रवाई के दौरान अकबरनगर प्रथम की बस्ती में लोग घरों से निकलकर हंगामा, प्रदर्शन करने लगे। इसकी भनक मिलते ही एलडीए उपाध्यक्ष डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और नगर आयुक्त डॉ. इंद्रजीत सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ मोर्चा संभाल लिया। अफसरों व फोर्स को देखकर प्रदर्शनकारी घरों में दुबक गए।

इससे पहले दोपहर 2:30 बजे झोपड़ी हटा रही पोकलैन पर महिलाओं और युवकों ने पथराव कर दिया। इससे इसका शीशा टूट गया। पुलिस ने लाठी फटकारकर इन्हें खदेड़ा। रात 10:30 बजे तक पोकलैन, जेसीबी ध्वस्तीकरण करते रहे। अफसर-कर्मी मौके पर डटे रहे। इस दौरान इलाके की बत्ती काटे जाने से जनरेटर के अलावा एलडीए-नगर निगम के वाहनों से उजाला किया गया, जिससे कार्रवाई में परेशानी न आए।

ताजमहल फर्नीचर शोरूम से हुई शुरुआत
प्रशासन की टीम ने सबसे पहले 25 कारोबारियों की पहली याचिका दायर कराने में अहम भूमिका निभाने वाले व्यापारी नेता सुहैल हैदर अलवी के शोरूम ताजमहल फर्नीचर से ध्वस्तीकरण की शुरुआत की। इसके पास स्थित सम्राट फर्नीचर शोरूम भी गिराया गया।

मंगलवार को अरशद बारी, रेहान अली, दीपक चौरसिया, मो. अनवर, इस्लामुददीन कुरैशी, मो. अबरार, सबिहा कौसर, मो. सैफ, नमीरा खान, मो. शफीक, मो. नौशाद, इरशाद अली, मो. शानू, मो. परवेज, फाजिल अहमद, शकील अहमद, सैयद हमीदुल बारी, सैयद मो. अली, विष्णु स्वरूप, मो. शोएब अली, आदिल इश्तियाक, मो. अबुबकर व मो. आदिल के शोरूम, गोदाम, दुकानों पर भी पोकलेन, जेसीबी चली।