पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर राहुल ने किया पिता को याद, कहा- मेरे पिता एक…

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी 31वीं पुण्यतिथि पर याद करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि उनके पिता एक दूरदर्शी नेता थे, जिनकी नीतियों ने आधुनिक भारत को आकार देने में मदद की।

वायनाडसे लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा, ‘मेरे पिता एक दूरदर्शी नेता थे, जिनकी नीतियों ने आधुनिक भारत को आकार देने में मदद की। वह एक दयालु व्यक्ति, और मेरे तथा प्रियंका के लिए एक अद्भुत पिता थे। उन्होंने हमें क्षमा और सहानुभूति का मूल्य सिखाया। मुझे उनकी बहुत याद आती है। हम साथ में बिताए समय को प्यार से याद करते हैं।’ आपको बता दें कि राहुल गांधी इस वक्त लंदन के दौरे पर हैं। लंदन में राहुल 23 मई को कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में ‘इंडिया एट 75’ पर बोलेंगे।

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने भी शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी के वीर भूमि में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 31वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस नेता पी चिदंबरम और सचिन पायलट ने भी दिल्ली की वीर भूमि पर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। इसके साथ पीएम नरेन्द्र मोदी ने भी राजीव गांधी को याद किया और श्रद्धांजलि दी।