रूस और यूक्रेन के बीच हुई बातचीत , संघर्ष विराम का पालन करने को तैयार

रूस और यूक्रेन को लेकर जारी विवाद के बीच दोनों पक्षों ने फ्रांस की राजधानी पेरिस में बातचीत की है। न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट बताती है कि दोनों पक्षों के बीच आठ घंटे से अधिक बातचीत हुई है। चर्चा के बाद दोनों पक्ष संघर्ष विराम का पालन करने को सहमत हुए हैं।

मामले को लेकर यूक्रेन के दूत एंड्री यरमक ने कहा है कि वार्ता आसान नहीं थी। स्थायी युद्धविराम के लिए समर्थन बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मिन्स्क समझौते की व्याख्या पर मतभेद थे जिसने 2014 में सबसे खराब लड़ाई को समाप्त कर दिया। यरमक ने आगे बताया है कि यह महत्वपूर्ण है कि यह पहली बार है दोनों पक्ष दिसंबर 2019 के बाद सहमत होने में कामयाब रहे हैं।

रूसी के दूत दिमित्री कोजाक ने कहा कि सभी मतभेदों के बावजूद हम सहमत थे कि सभी पक्षों द्वारा समझौते के अनुरूप  युद्धविराम बनाए रखा जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि हमें उम्मीद है कि हमारे सहयोगियों ने हमारे तर्कों को समझ लिया है और बर्लिन में नए दौर की वार्ता से हमें नतीजे की उम्मीद है।

यूक्रेन को लेकर रूस और अमेरिका आमने-सामने हैं। अमेरिका ने रूस को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर रूस यूक्रेन पर हमला करता है तो हम रूस पर ऐसे प्रतिबंध लगाएंगे जो उसने कभी नहीं देखे होंगे। वहीं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पश्चिमी देशों से गारंटी मांगी है कि उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) आगे पूर्व की ओर विस्तार नहीं करेगा।