नवजोत सिंह सिद्धू ने आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना , शेयर किया ये विडियो

पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने हाथापाई का एक वीडियो शेयर किया है और कहा है आप कार्यकर्ताओं की विचारधारा शहीद भगत सिंह से मेल नहीं खा रही है। राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शपथ ग्रहण समारोह से लेकर पद संभालने तक शहीद क्रांतिकारी का काफी जिक्र किया था।

सिद्धू ने शुक्रवार को ट्वीट किया, ‘बदलाव जरूरी नहीं है कि प्रगति हो। यह वह बदलाव नहीं है, जिसके लिए पंजाब ने हामी भरी थी। हत्याएं, बंदूक की नोक पर कार चोरी, छीना झपटी, गुंडागर्दी और कब्जा… अनियंत्रित आप कार्यकर्ता स्वार्थी उद्देश्यों को पूरा कर रहे हैं… यह शहीद भगत सिंह की निस्वार्थता और बलिदान की विचारधारा से कोसों दूर है।’

मार्च में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद ही नए सीएम मान की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि मान ने राज्य में नए युग की शुरुआत की है। उन्होंने ट्वीट किया था, ‘सबसे ज्यादा खुश वह आदमी होता है ,जिससे कोई उम्मीद नहीं करता… भगवंत मान ने उम्मीदों के पहाड़ के साथ पंजाब में नए माफिया विरोधी युग की शुरुआत की है… उम्मीद है कि वे आगे बढ़ेंगे, जन समर्थित नीतियों के साथ पंजाब को पुनरुत्थान के पथ पर वापस लाएंगे।’

पंजाब में कांग्रेस, आप, शिरोमणि अकाली दल-बहुजन समाज पार्टी का गठबंधन और भारतीय जनता पार्टी और कैप्टन अमरिंद सिंह की लोक कांग्रेस और शिअद (संयुक्त) के गठबंधन ने सियासी दांव लगाए थे। हालांकि, 117 सीटों वाले राज्य में आप ने 92 सीटों पर विशाल जीत हासिल की थी। जबकि, कांग्रेस को महज 18 सीटें हासिल हुई। इनके अलावा भाजपा को 2, शिअद को 3 और बसपा को 1 सीट पर जीत मिली थी।