राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पहुंचे कानपुर , साथ मे नज़र आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

भारतीय जनता पार्टी के मंगलवार को होने वाले कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के बूथ सम्मेलन और पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय के उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव मौर्य कानपुर पहुंचे।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी एक ऐसी पार्टी है, जहां सामने बैठा हुआ कर्यकर्ता कल को मंच पर प्रदेश का नेतृत्व कर सकता है। ये कांग्रेस पार्टी नहीं हैं, जहां पर आपको आगे बढ़ने के लिए एक परिवार में पैदा होना पड़ता है।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि मैं हमेशा कहता हूं पथ के पथिक को रुकना नहीं, हमेशा चलते रहना है। पार्टी को मजबूत करना ही हमारा लक्ष्य है। हम भाग्यशाली हैं कि भाजपा के इस भव्य कार्यालय को देख रहे हैं। मगर इस भव्य इमारत के पीछे भाजपा के उन कार्यकर्ताओं का योगदान है जो 10 साल पहले किराये के कमरे में पार्टी की विचार धारा को आगे बढा रहे थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने एक बात कही थी-सिद्धांतहीन राजनीति मौत का फंदा होती है। आजादी के बाद मूल्यों और आदर्शों और भारत के प्रति सर्वस्व समर्पण करने वाला कोई दल है, तो वो है भारतीय जनता पार्टी। कोरोना काल में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता लोगों की मदद के लिए आगे आए थे।
प्रधानमंत्री और जेपी नड्डा की प्रेरणा से ही ऐसा संभव हुआ। अन्य दलों के लोग घरों में बैठे थे। भारतीय जनता पार्टी के लिए व्यक्ति नहीं, राष्ट्र सर्वोपरि है। जब कोरोना में पूरी दुनिया परेशान थी। लोग जान बचाने की कोशिश में लगे थे, तब भाजपा का कार्यकर्ता जान की परवाह किए बगैर मानवता की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा था:

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव ने इस दौरान कहा कि पार्टी के लिए कार्यकर्ता कार्यालय और कोष सबसे अधिक महत्वपूर्ण होता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा के सभी जिला व क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन कर दिया गया है। 9 जिलों के पार्टी कार्यालयों का उद्घाटन किया गया है। इनमें कानपुर देहात, हमीरपुर, प्रतापगढ़, कुंडा, पीलीभीत, नोएडा, गौतम बुद्ध नगर, कानपुर ग्रामीण, कानपुर दक्षिण शामिल हैं।

कानपुर में कांग्रेस प्रदेश सचिव विकास अवस्थी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कांग्रेसी सरकारी अस्पताल की जगह पर भाजपा कार्यालय बनाए जाने का विरोध प्रदर्शन करने जा रहे थे।
बर्रा पुलिस ने बर्रा स्थित घर से सुबह कांग्रेस नेता को गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेस नेता की गिरफ्तारी पर कार्यकर्ता भड़क गए और विरोध में कांग्रेसियों ने बर्रा थाने के गेट पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। कांग्रेस नेता संगीत तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेसी थाने के गेट पर बैठ गए हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ साकेत नगर में पार्टी कार्यालय पहुंच गए हैं। पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय के उद्घाटन समारोह में शामिल हो गए हैं। मंत्रोच्चार के साथ पूजन शुरू हो गया है।