मध्य प्रदेश के खरगोन में घरों में पढ़ी गयी नमाज, सड़कों पर पुलिस का कड़ा पहरा

ईद के मौके पर जोधपुर में धार्मिक झंडे और लाउडस्पीकर को लेकर पत्थरबाजी हुई है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में भी पत्थरबाजी की खबर है।

वहीं मध्य प्रदेश के खरगोन में घरों में ही नमाज पढ़ी गई और सड़कों पर पुलिस का कड़ा पहरा है। ईद के साथ ही अक्षय तृतीया और परशुराम जयंती का पर्व भी मनाया जा रहा है। इसके चलते तनाव की आशंका है और उससे निपटने के लिए यूपी, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और जम्मू कश्मीर समेत कई राज्यों में प्रशासन सतर्क है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है।

राजस्थान के जोधपुर में जालोरी गेट के पास स्थित बालमुकंद बिस्सा सर्कल पर एक हिंदू संगठन ने सोमवार शाम को भगवा झंडा लगाया दिया था, जिसे लेकर विवाद हो गया था।

यहीं पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने धार्मिक ध्वज लगाया था। लेकिन तनाव बढ़ने पर प्रशासन ने दोनों झंडों को हटाकर तिरंगा लगा दिया था। इसके बाद भी ईद के मौके पर मंगलवार सुबह एक बार फिर से झड़प हो गई और प्रशासन पर भी पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। इस दौरान 4 पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं।

पुलिस ने हिंसा को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे हैं। इस बीच जोधपुर के भाजपा विधायक सूर्यकांत व्यास ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘जोधपुर में हमेशा से भाईचारा रहा है, लेकिन हिंदू इन झड़पों का को सहन नहीं करेंगे।’ इसके अलावा करौली में भी 600 जवानों की तैनाती की गई है। यही नहीं ड्रोन से भी हालात की निगरानी की जा रही है।