नगर निगम ने किया ये ऐलान, शहर में प्राइमरी स्‍कूलों का ऐसे होगा…

बेसिक शिक्षा परिषद से संचालित नगर क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों का भी अब कायाकल्प होगा। यहां के बच्चे भी टाइल्स के फर्श, मेज-कुर्सी और अत्याधुनिक शैचालय का प्रयोग करते नजर आएंगे। जीडीए के बाद नगर निगम ने नगर में स्थित 46 स्कूलों को गोद लेकर उनके कायाकल्प की योजना तैयार की है। जल्द ही इस पर काम शुरु हो जाएगा। जीडीए ने पहले ही 11 स्कूलों को गोद लेकर उनका कायाकल्प कर दिया है। नगर क्षेत्र में कुल 58 परिषदीय स्कूल संचालित है। इसमें एक स्कूल को जर्जर घोषित कर दिया गया है। उसका निर्माण शासन के निर्देश बाद होगा।

शासन के निर्देश पर देहात के स्कूलों का कायाकल्प कराया जा रहा है। इसी के तहत अब शहर के स्कूलों का भी कायाकल्प होगा। करीब चार माह पहले जीडीए ने 11 स्कूलों को गोद लेकर उनका कायाकल्प योजना के तहत निर्माण करा चुका है। शेष 46 स्कूलों को अब नगर निगम द्वारा कायाकल्प कराया जाएगा। इसकी तैयारी भी शुरु हो गयी है।

बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से नगर निगम को स्कूलों की रिपोर्ट सौंप दी गयी है। जिनका सर्वे नगर निगम के जेई द्वारा किया जाएगा। विभाग के अनुसार यह सभी कार्य अगले एक सप्ताह में शुरु हो जाएंगे। निश्चित ही परिषदीय विद्यालयों के कायाकल्प होने से विद्यार्थियों को तो सुविधाएं मिलेंगी ही साथ ही शिक्षकों में भी इसको लेकर काफी प्रसन्नता देखने को मिल रही है। सभी ने विभागों के कार्य को सराहा।