सीजन का सबसे गर्म दिन रहा सोमवार , दिल्ली में पारा 41 डिग्री के पार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप देखा जा रहा है। दिल्ली में सोमवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य है।

इससे पूर्व बीते शनिवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री दर्ज किया गया था। परेशानी बढ़ाने वाली बात यह है कि मंगलवार को भी भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिल्ली में तेज धूप के चलते गर्मी ज्यादा रही। दोपहर बाद कुछ जगहों पर आसमान में हल्के बादल रहे लेकिन इससे भी तापमान में किसी प्रकार की कमी देखने को नहीं मिली। सोमवार को सतही हवा की रफ्तार भी धीमी रही। इसकी गति 6 से 10 किलोमीटर प्रतिघंटा के बीच रही। इसके चलते दिनभर लोग गर्मी से परेशान रहे। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को भी दिल्ली वासियों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से लेकर गुरुवार के बीच दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में भी कमी आने की संभावना है। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 डिग्री जबकि गुरुवार को 37 डिग्री तक जा सकता है।

इन इलाकों में ज्यादा रहा तापमान
नजफगढ़ 42.0 डिग्री
पूसा 41.9 डिग्री
रिज 41.7 डिग्री
जाफरपुर 41.1 डिग्री