मायावती का बड़ा बयान , कहा भाजपा, सपा, कांग्रेस ने सत्‍ता में…

उत्‍तर प्रदेश में अगले साल होने वाले चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। ज्‍यादा से ज्‍यादा मतदाताओं को लुभाने के मकसद से सभी राजनीतिक दलों ने चुनावी वादों की झड़ी लगा  दी है।

इस बीच शुक्रवार को बसपा सुप्रीमो मायावती ने चुनावी वादों को प्रलोभन बताते हुए भाजपा, सपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। मायावती ने एक ट्वीट के जरिए सवाल उठाया कि जो वादे आज किए जा रहे हैं वे सरकार रहते पूरे क्‍यों नहीं किए गए।

बसपा सुप्रीमो ने एक के बाद एक दो ट्वीट किए। उन्‍होंने लिखा-‘यूपी में खासकर भाजपा, सपा, कांग्रेस आदि के द्वारा प्रदेश की जनता को लुभाने व गुमराह करने के लिए आए दिन प्रलोभन भरे जो चुनावी वादों की झड़ी लगाई जा रही है, जिनको सत्ता में आने के बाद  अधिकांशः भुला दिया जाता है। अभी तक का इनका यही इतिहास रहा है।

जनता इनसे सतर्क रहे।’ बसपा प्रमुख ने आगे लिखा कि भाजपा और सपा जनता को जो वादे कर रही हैं वे काम उन्होंने यहां अपनी सरकार के रहते हुए क्यों नहीं किए? कांग्रेस पार्टी भी महिलाओं को 40 % टिकट व स्कूटी आदि देने के जो वादे कर रही है वे काम इन्होंने उन राज्यों में क्यों नही किए जहाँ इनकी सरकारें हैं? यह भी सोचने की बात है।