दिल्ली में 7 डिग्री तक गिरा अधिकतम तापमान, छाए रहेंगे घने बादल

राजधानी दिल्ली को अभी सप्ताह भर तक गलन भरी सर्दी में ठिठुरना पड़ेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले शुक्रवार तक अधिकतम तापमान 18 डिग्री से कम या आसपास बना रहेगा। इस बीच, हल्की बारिश और घने बादलों के चलते शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम रहा जिससे ठिठुरन बढ़ गई।

बारिश का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। राजधानी के ज्यादातर हिस्सों में शुक्रवार देर रात से हल्की बारिश शुरू हो गई थी। सफदरजंग मौसम केंद्र में सुबह 8:30 बजे तक 4.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। बाद में भी बूंदाबांदी व बादल छाए रहे। इसके चलते अधिकतम तापमान 14.7 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से सात डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है।

सीजन का सबसे ठंडा दिन: बारिश और घने बादलों के चलते शनिवार का दिन सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। इससे पहले 15 जनवरी को अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा था।

मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को भी दिल्ली में बूंदाबांदी हो सकती है। जबकि सोमवार सुबह हल्का कोहरा रहेगा। दिन के समय हल्के बादल छाए रह सकते हैं।

मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार के बाद हवा उत्तर पश्चिमी दिशा यानी उच्च हिमपात वाले इलाके से आएगी। यह हवा अपने साथ बर्फबारी की ठंडक भी लाएगी। इसके चलते सोमवार से न्यूनतम तापमान गिरेगा। शुक्रवार तक न्यूनतम तापमान छह डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।