चंपावत उपचुनाव: भाजपा-कांग्रेस सहित कई राजनैतिक पार्टियां अलर्ट, पढ़े पूरी खबर

चुनाव आयोग द्वारा चंपावत उपचुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही भाजपा-कांग्रेस सहित कई राजनैतिक पार्टियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। भाजपा सीएम पुष्कर सिंह धामी को चंपावत से चुनाव लड़ा रही है, तो कांग्रेस उम्मीदवार के नाम के ऐलान का इंतजार किया जा रहा है।

चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियां धामी के नाम की घोषणा के साथ ही शुरू हो गईं थीं। कांग्रेस की चंपावत उपचुनाव के लिए प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। पर्यवेक्षकों की रिपेार्ट के बाद अब प्रदेश अध्यक्ष प्रदेश के शीर्ष नेताओं के साथ प्रत्याशी के नाम पर मंथन करेंगे। अंतिम निर्णय हाईकमान के स्तर से होगा।

सूत्रों के अनुसार चंपावत सीट के उपचुनाव के लिए अब तक कांग्रेस को पांच दावेदारों के नाम मिल चुके हैं। पूर्व विधायक और दो बार से लगातार कांग्रेस प्रत्याशी हेमेश खर्कवाल फिलहाल स्वभाविक रूप से मजबूत दावेदार हैं। हालांकि कांग्रेस भी विकल्पों पर विचार कर रही है।

संपर्क करने पर प्रदेश अध्यक्ष माहरा ने बताया कि चंपावत चुनाव पर कांग्रेस बेहद गंभीर है। कांग्रेस इस चुनाव को महज उपचुनाव की तरह नहीं लड़ेगी। बल्कि जीत के लक्ष्य के साथ चुनाव लड़ा जाएगा। फिलहाल उपचुनाव की तारीख तय होने का इंतजार किया जा रहा है। कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है।

विधानसभा चुनाव 2022 के नतीजे पुष्कर सिंह धामी के पक्ष में नहीं आए थे। खटीमा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे धामी को हार का मुंह देखना पड़ा था। धामी को कांग्रेस उम्मीदवार भुवन चंद्र कापड़ी ने हराया था। इसके बावजूद भाजपा हाईकमान ने धामी को मुख्यमंत्री कुर्सी की जिम्मेदारी सौंपी थी।

चंपावत विधायक कैलाश गहतोड़ी ने सीएम धामी के लिए अपनी सीट खाली की है। सूत्रों की बात मानें तो उपचुनाव के बाद भाजपा हाईकमान दायित्वों का बंटवारा कर सकती है। इसको लेकर विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने फिल्डिंग सजानी भी शुरू कर दी है।