जानिए अब कौन होगा उत्तराखंड का अगला मुख्यमंत्री, इस नेता का नाम सबसे ऊपर

मुख्यमंत्री के विधायकों में से ही चुने जाने की सबसे ज्यादा संभावना है, क्योंकि राज्य में विधानसभा चुनाव अगले आठ महीनों में होने हैं। मुख्यमंत्री दावेदार के रूप में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का नाम सबसे ऊपर रखा जा रहा हालांकि, विधायक धन सिंह रावत, पुष्कर सिंह धामी और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक का नाम भी चर्चा में है।

वहीं जातीय और क्षेत्रीय समीकरण को ध्यान में रखा जाए तो महाराज का नाम शीर्ष पर है। चूंकि, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ब्राह्मण हैं तो फिर जातिगत समीकरण साधने के लिए ठाकुर नेता को ही सीएम बनाए जाने की सबसे ज्यादा संभावना है।

उत्तराखंड में पिछले दिनों चले सियासी घटनाक्रम के बाद शुक्रवार देर रात तीरथ सिंह रावत ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। 4 महीने का भी कार्यकाल पूरा करने में असफल रहे रावत अपने सियासी पथ पर पड़े अवरोधों को हटाने में विफल हो गए। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के इस्तीफे के बाद तीरथ ने 10 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की थी।

तीरथ सिंह रावत के इस्तीफे के बाद ‘देवभूमि’ उत्तराखंड का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? क्या फिर किसी रावत को ये जिम्मेदारी मिलेगी? या सबसे प्रबल दावेदार के रूप में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज को मुख्यमंत्री के पद पर बैठाया जाएगा? इन सभी सवालों के जवाब आज शाम को होने वाली बीजेपी विधायक दल की बैठक के सामने आ जाएंगे।