जानिए कौन बनेगा गुजरात का नया मुख्यमंत्री, आज दोपहर 2.30 बजे होगी विधायक दल की बैठक

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर कुछ घंटे पहले बीजेपी के केंद्रीय पर्यवेक्षक बनकर गुजरात पहुंचे हैं। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग भी हैं।

इसके तुरंत बाद, दोनों ने पार्टी के अन्य नेताओं से राज्य भाजपा प्रमुख सीआर पाटिल के गांधीनगर स्थित आवास पर मुलाकात की। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी के भी गुजरात पहुंचने वाले हैं। तोमर के साथ उन्हें बीजेपी का केंद्रीय पर्यवेक्षक भी बनाया गया है।

गुजरात पहुंचकर तोमर ने कहा, ‘विजय रूपाणी जी के इस्तीफे के बाद कौन मुख्यमंत्री बनेगा ये विषय हमारे सामाने हैं। हम आज प्रदेश अध्यक्ष और अन्य लोगों से चर्चा करेंगे।’ विजय रूपानी के इस्तीफे के बाद नए मुख्यमंत्री का चयन करने के लिए विधायक दल की बैठक में भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक शामिल होंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे।

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के पद से इस्तीफा देने के बाद राज्य में सीएम के नए चेहरे की तलाश तेज हो गई है। आज दोपहर 2.30 बजे गांधीनगर में पार्टी के मुख्यालय में होने वाली विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री पद के संभावित उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की जाएगी। राज्य में विधानसभा चुनाव से लगभग सवा साल पहले मुख्यमंत्री विजय रूपाणी अपना इस्तीफा राज्यपाल आचार्य देवव्रत को सौंप दिया। गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा के लिये चुनाव दिसंबर 2022 में होने हैं।