पाकिस्तान के पेशावर शहर में ईसाई पादरी की हत्या, पुलिस कर रही जांच

पाकिस्तान के पेशावर शहर में चर्च से घर लौटते समय एक ईसाई पादरी की हत्या कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि वह हमलावरों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।पाकिस्तान में मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात बंदूकधारियों ने एक ईसाई पादरी की हत्या कर दी और एक अन्य को घायल कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। यह घटना पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर शहर पेशावर में हुई जब पीड़ित चर्च से कार से घर लौट रहे थे।

पुलिस के मुताबिक शहर के रिंग रोड पर हुए हमले में 75 वर्षीय विलियम सिराज की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी घायल हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार में सवार तीसरे पादरी को कोई चोट नहीं आई। पुलिस का कहना है कि हमलावरों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच की जा रही है।

धार्मिक अल्पसंख्यक खतरे में पीड़ित पादरियों के बारे में कहा जा रहा है कि वे प्रोटेस्टेंट चर्चों के एक संघ, चर्च ऑफ पाकिस्तान से जुड़े हैं। इसमें मेथोडिस्ट और एंग्लिकन विचारधारा के ईसाई शामिल हैं। चर्च ऑफ पाकिस्तान के सबसे वरिष्ठ बिशप आजाद मार्शल ने हमले की निंदा की और एक ट्वीट में कहा, “हम पाकिस्तान की सरकार से ईसाइयों के लिए न्याय और सुरक्षा की मांग करते हैं” किसी भी समूह ने इस गोलीबारी की जिम्मेदारी नहीं ली है।