केजरीवाल ने भाजपा को दी ये बड़ी चुनौती, कहा :’जो धर्मनिरपेक्ष है उसे शाहीन बाग जाना चाहिए’

कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी पीसी चाको ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से सीएए एवं एनआरसी पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग करने के साथ ही उन पर नरम हिंदुत्व की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि जो धर्मनिरपेक्ष है उसे शाहीन बाग जाना चाहिए।

चाको ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के निर्णायक फैक्टर के रूप में उभरने की उम्मीद जताते हुए यह भी कहा कि पूरे देश में कांग्रेस भाजपा विरोधी दलों के साथ गठबंधन करती है, लेकिन अभी वह केजरीवाल को लेकर आश्वस्त नहीं हैं कि आम आदमी पार्टी के मुखिया भाजपा के विरोध में हैं।

चाको ने कहा, ”संशोधित नागरिकता कानून : सीएए : और राष्ट्रीय नागरिक पंजी :एनआरसी: पर पूरे देश में विपक्षी पार्टियां बयान जारी कर रही हैं और विधानसभाओं में प्रस्ताव पारित हो रहे हैं। लेकिन केजरीवाल नहीं बोल रहे। इसीलिए हम कहते हैं कि वह भाजपा की बी टीम हैं।”

उन्होंने कहा, ” शाहीन बाग में प्रदर्शन हो रहा है, जामिया में लड़कियों पर लाठी चार्ज हुआ, गोलीबारी हुई, लेकिन केजरीवाल नहीं गए। हमारे कई वरिष्ठ नेता गए। प्रियंका जी (उप्र में) विरोध प्रदर्शन के दैरान मारे गए कई लोगों के परिवारों से मिलने गईं।” यह पूछे जाने पर कि क्या वह केजरीवाल को शाहीन बाग जाने की चुनौती देते हैं तो कांग्रेस नेता ने कहा, ”जो धर्मनिरपेक्ष है, उसे शाहीन बाग जाना ही चाहिए । अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी धर्मनिरक्ष लोगों की है। लेकिन केजरीवाल नरम हिंदुत्व की राजनीति कर रहे हैं।”

उन्होंने सवाल किया कि सीएए और एनआरसी पर केजरीवाल का क्या रुख है? दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की उम्मीद से जुड़े सवाल पर चाको ने कहा, ” इस चुनाव के बाद कांग्रेस एक निर्णायक फैक्टर होगी। सरकार होना या नहीं होना, कांग्रेस तय करेगी।”

यह पूछे जाने पर कि क्या भाजपा को रोकने के लिए कांग्रेस आम आम आदमी पार्टी का समर्थन करेगी तो कांग्रेस प्रभारी ने कहा, ”पूरे देश में जो भी पार्टी भाजपा के खिलाफ है उसके साथ हम गठबंधन करेंगे, लेकिन केजरीवाल को लेकर हम आश्वस्त नहीं हैं कि वह भाजपा के खिलाफ हैं।”