काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन करने वालों की अपार भीड़ , दर्शन करने वालों का लगा तांता

साल के पहले दिन काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन करने वालों की अपार भीड़ से अब तक के सारे कीर्तिमान टूटने की स्थिति बन गई है। ऐसा लगने लगा है कि आज शयन आरती के समय मंदिर बंद होने तक दर्शनार्थियों के अब तक के सारे कीर्तिमान ध्वस्त हो जाएंगे।

शनिवार को जहां मंगला आरती में 1000 से अधिक लोगों ने हिस्सेदारी की वही मंगला आरती के बाद दर्शन करने वालों का तांता लगा हुआ है। विश्वनाथ मंदिर मुख्य परिसर के अंदर से ज्ञानवापी, बांस फाटक से लेकर गोदौलिया तक सिर्फ लोगों की कतार ही नजर आ रही है।

विश्वनाथ मंदिर प्रशासन की मानें तो सुबह 10:30 बजे तक ही सवा लाख से अधिक लोग दर्शन पूजन कर चुके थे। मंदिर में दर्शन करने वालों की कतार लगातार बढ़ती जा रही है। यह स्थिति तब है जब भक्तों को झांकी दर्शन करा के जल्दी से जल्दी मंदिर से बाहर निकाला जा रहा है।

वही वैष्णो देवी में हुई भगदड़ की घटना को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। सुरक्षा के इंतजाम और कड़े कर दिए गए हैं। भीड़ में इस तरह की कोई घटना न हो इस पर निगरानी रखने के लिए सादी वर्दी में भी पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।

नए साल पर शनिवार को बाबा दरबार मे दर्शन पूजन करने वालों की उमड़ी भीड़ के कारण गोदौलिया मैदागिन मार्ग पर सुबह से भीषण जाम लगा हुआ है। वाहनों का आवागमन रोके जाने के बावजूद सुबह से उमड़ी भीड़ के कारण जाम लगा हुआ है।

गोदौलिया से मैदागिन के बीच सबसे अधिक जाम चौक तक है। चौक से गोदौलिया तक पैदल आने में लोगों के पसीने छूट रहे हैं। मंदिर में जाने के लिए कतार लगी है तो दर्शन कर बाहर निकलने वालों की भीड़ भी है। इसी मर्ग से लोग पैदल घाट की ओर भी जा रहे हैं। बाजार भी खुला हुआ है। जाम छुड़ाने में जुटी पुलिस किसी तरह लोगों को बाहर निकाल रही है।