कर्नाटक: कांग्रेस विधायक की चुनौती, कहा मैं पहनती हूं ये, सरकार रोक कर दिखाए

कर्नाटक में जारी हिजाब विवाद के बीच कांग्रेस विधायक कनीज फातिमा ने अपने समर्थकों के साथ कलबुर्गी जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। फातिमा ने कहा कि वह भी विधानसभा में हिजाब पहनती हैं।

उन्होंने राज्य सरकार को उन्हें ऐसा करने से रोकने की चुनौती भी दी। फातिमा ने कहा, “हम हिजाब के रंग में बदलाव के लिए तैयार हैं, जो कि यूनिफॉर्म के कलर का होगा। लेकिन हम इसे पहनना बंद नहीं कर सकते। मैं विधानसभा में भी हिजाब पहनती हूं, अगर वे मुझे रोक सकते हैं, रोक कर दिखाएं।”

कनीज फातिमा कर्नाटक विधानसभा में गुलबर्गा (उत्तर) निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य शिक्षा प्रशासन की ओर से छात्राओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। फातिमा ने कहा, “उन्हें (छात्राओं को) स्कूलों में एंट्री नहीं दी जा रही है, जबकि वार्षिक परीक्षाएं केवल दो महीने दूर हैं। इसके विरोध में सभी जातियों और धर्मों के लोग डीसी कार्यालय, कालाबुरागी में एकत्र हुए हैं।”

कांग्रेस विधायक ने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर राज्य के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा, जबकि बाद में उडुपी में भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। फातिमा ने कहा, “अब तक, हर कोई इसे (हिजाब) पहन रहा था। अब बहुत देर हो चुकी है। वे अचानक हमें क्यों रोक रहे हैं? बुर्का कोई नई बात नहीं है।”

दरअसल, कर्नाटक शिक्षा प्रशासन ने स्कूली छात्राओं के हिजाब पहनने पर इस आधार पर रोक लगाई है कि इससे सौहार्द बिगड़ता है। शनिवार को कर्नाटक शिक्षा विभाग ने एक आदेश जारी किया, जिसमें कहा गया कि सभी स्कूलों को राज्य सरकार की ओर से तय यूनिफॉर्म का पालन करना चाहिए।

हालांकि निजी संस्थानों के छात्रों को उनके संबंधित प्रबंधन की ओर से तय ड्रेस कोड का पालन करना होगा। आदेश में कहा गया है कि समानता, अखंडता और सार्वजनिक व्यवस्था को भंग करने वाले कपड़ों पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।