कांग्रेस से किनारा करने वाले ज्योतिरादित्य को दिग्विजय ने दी मोदी-शाह की शरण में जाने की शुभकामना

मध्‍यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेसी दिग्गज दिग्विजय सिंह ने कहा है कि कांग्रेस से किनारा करने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया को पार्टी में कभी साइडलाइन नहीं किया गया, तमाम बड़े फैसलों में उनकी रजामंदी ली जाती थी। इसके साथ ही दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को मोदी-शाह की शरण में जाने पर शुभकामनाएं भी दी है।

दिग्वि‍जय सिंह ने बुधवार को ट्विटर पर लिखा कि पिछले 16 महीने में ग्वालियर और चंबल डिवीजन में बिना ज्योतिरादित्य सिंधिया की सहमति के कुछ नहीं किया गया। मध्यप्रदेश, खासकर ग्वालियर चंबल डिवीजन के किसी भी कांग्रेस के नेता से इसके बारे में पूछा जा सकता है। उन्‍हें साइडलाइन किए जाने का सवाल ही नहीं उठता है। दिग्विजय ने कहा कि कांग्रेस को छोड़ने का उनका फैसला दुखद है, लेकिन, वह कांग्रेस छोड़कर मोदी-शाह की शरण में गए हैं, उनको शुभकामनाएं।

दिग्विजय सिंह का यह ट्वीट ज्योतिरादित्य सिंधिया के पार्टी से इस्‍तीफा देने के बाद आया है। कांग्रेस को जबरदस्त झटका देते हुए पार्टी के प्रमुख युवा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पार्टी से त्यागपत्र दे दिया है। सिंधिया के साथ ही उनके समर्थक पार्टी के 22 विधायकों के इस्तीफे से राज्य की कमलनाथ सरकार पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। कांग्रेस छोड़ने वाले 49 वर्षीय सिंधिया केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। ऐसी अटकले हैं कि सिंधिया को राज्यसभा का टिकट दिया जा सकता है और उन्हें केंद्रीय मंत्री बनाया जा सकता है।