उत्तराखंड पहुंचे जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री धामी, तैयारियों में जुटे भाजपा कार्यकर्ता

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा दो दिवसीय दौरे पर आज 15 नवंबर को उत्तराखंड पहुंचे हैं। सोमवार को उन्होंने चमोली जिले के सवाड़ गांव में शहीद सम्मान यात्रा का शुभारंभ किया।

इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीर भूमि है। उन्होंने कहा कि हर वीर जवान का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने सभी से अपील की कि 13 जिलों में होने वाली शहीद सम्मान यात्रा में शामिल हों और यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत करें।

नड्डा ने कहा कि उत्तराखंड के वीर जवान देश की सुरक्षा को तत्पर रहते हैं। ये क्रांति और शांति की धरती है। शहीद सपूत किसी एक परिवार का नहीं है, बल्कि पूरे देश का है। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा, कहा कि कांग्रेस ने जवानों की शहादत और देशभक्ति का सिर्फ मजाक बनाया है।

जेपी नड्डा ने इस दौरान कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार में आकंठ तक डूबी हुई है। उसे हर जगह कमीशन ही कमीशन दिखता है। उन्होंने राजस्थान और महाराष्ट्र सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। कहा कि पीएम मोदी का विकास का मिशन है। कांग्रेस को सिर्फ कमीशन दिखता है। मिशन वाले को आगे बढ़ाओ, कमीशन वाले को घर बैठाओ। उत्तराखंड को बढ़ाना है तो बीजेपी सरकार को लाना है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तराखंड में दो दिवसीय कार्यक्रम है। जिसके लिए वह सोमवार की सुबह सहस्त्रधारा हेलीपैड पहुंचे। कुछ देर एक रिजॉर्ट में रुकने के बाद वह हेलीकॉप्टर से सहस्त्रधारा हेलीपैड से ही चमोली के लिए रवाना हो गए। चमोली पहुंचने पर जनता ने जेपी नड्डा का अभिवादन और स्वागत किया। शहीद सम्मान यात्रा को लेकर देवाल ब्लॉक के सवाड़ गांव में स्थानीय लोगों और पूर्व सैनिकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विनय रोहिला ने रविवार को रुद्रपुर में प्रेस वार्ता में बताया कि नड्डा पहली बार रुद्रपुर आ रहे हैं। सोमवार शाम नड्डा पुलिस लाइन स्थित हैलीपैड पर पहुंचेंगे, जहां से काशीपुर मार्ग स्थित आनंद बैंक्वेट हॉल जाएंगे।

वहां जिले के सभी शक्ति केंद्र संयोजक, प्रभारी मंडल अध्यक्ष, विधानसभा क्षेत्र विस्तारक और प्रभारियों के साथ बैठक कर उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाएंगे। इसके बाद वह रुद्रपुर के एक होटल में रात्रि विश्राम करेंगे।

मंगलवार सुबह 10 बजे लोकतंत्र सेनानी सुभाष छाबड़ा से उनके आवास पर भेंट करेंगे। इसके बाद साढ़े 10 बजे रुद्रपुर कलक्ट्रेट परिसर में शहीद ऊधम सिंह और 11 बजे आंबेडकर पार्क में बाबा साहब आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। साढ़े 11 बजे आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में बंगाली समाज के साथ संवाद करेंगे।

दोपहर एक से दो बजे तक प्रदेश प्रभारी, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी, सहप्रभारी और विस्तारक के साथ वार्ता करेंगे। इसके बाद तीन बजे टोली बैठक में प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, चुनाव प्रभारी, सह प्रभारी, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश महामंत्री के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। कार्यक्रम प्रदेश महामंत्री राजू भंडारी के दिशा-निर्देश में उनका स्वागत होगा।

आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अल्मोड़ा भी पहुंचेंगे। यहां नड्डा भाजपा कोर ग्रुप कमेटी की बैठक लेंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट भी बैठक में शामिल होंगे। बैठक के लिए नड्डा और सीएम का कार्यक्रम आरक्षित रखा गया है। बताया जा रहा है कि नड्डा करीब एक घंटे तक अल्मोड़ा में रुकने के बाद ऊधमसिंह नगर के लिए प्रस्थान करेंगे।

नड्डा के आगमन को लेकर पिछले तीन दिनों से भाजपा कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं। तीन दिन पूर्व निर्धारित हुए कार्यक्रम के अनुसार कोर ग्रुप कमेटी की बैठक के साथ ही इस अवधि में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ जेपी नड्डा की बैठक का कार्यक्रम भी तय किया गया है। फिलहाल भाजपा ने पूरे कार्यक्रम के लिए हर मोर्चे को जिम्मेदारी दी है। जिला और पुलिस प्रशासन भी बैठक को लेकर पूरी तरह से मुस्तैद है।