IPL 2023 : पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को हराया , आखिरी ओवर में इस खिलाड़ी ने स्टंप उखाड़े

 पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2023 के 31वें मुकाबले में 13 रन से हरा दिया है। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 214 रन बनाए।

इसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम कैमरन ग्रीन और सूर्यकुमार के दमदार अर्धशतक के बावजूद 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 201 रन ही बना सकी। मुंबई के लिए कैमरन ग्रीन ने 67 और सूर्यकुमार ने 57 रन बनाए। पंजाब किंग्स के लिए अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 29 रन देकर 4 विकेट लिए।

पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 214 रन बनाए। पंजाब के लिए कप्तान सैम करन ने सर्वाधिक 55 रन बनाए। मुंबई के लिए सबसे सफल गेंदबाज कैमरन ग्रीन और पीयूष चावला रहे। दोनों ने 2-2 विकेट लिए। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स को अथर्व और मैथ्यू शॉर्ट अच्छी शुरुआत नहीं दिला सके।

मैथ्यू 10 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद प्रभसिमरन और अथर्व ने पारी को संभाला। लेकिन प्रभसिमरन 17 गेंद में 26 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लियाम लिविंगस्टोन भी 10 रन ही बना सके। पंजाब के एक ओवर में ही दो विकेट गिरे। अथर्व को भी पीयूष चावला ने 29 के स्कोर पर आउट किया। इसके बाद सैम करन और हरप्रीत भाटिया के बीच धीमी साझेदारी हुई और दोनों बल्लेबाज बड़े शॉट खेलने के लिए जूझते हुए नजर आए।

लेकिन 16वें ओवर में सैम करन और भाटिया ने अर्जुन तेंदुलकर के तीसरे ओवर में 31 रन ठोककर स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। जोफ्रा आर्चर के भी ओवर में 13 रन आए। ग्रीन के ओवर में भाटिया आउट हुए लेकिन इस ओवर में 4 छक्के लगे। सैम करन 29 गेंद में 55 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 5 चौके और 4 छक्के लगाए। जोफ्रा ने उन्हें आउट किया। आखिरी ओवर में भी पंजाब ने 17 रन बटोरे।

पंजाब किंग्स द्वारा मिले 215 रनों के लक्ष्य के जवाब में मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाजी ईशान किशन सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। दूसरे ओवर में वह 8 के स्कोर पर पवेलियन गए। इसके बाद रोहित शर्मा ने कैमरन ग्रीन के साथ मिलकर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और दूसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की।

रोहित शर्मा 27 गेंद में 44 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। रोहित के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव और कैमरन ग्रीन ने धमाकेदार बल्लेबाजी की। इन दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी हुई।

कैमरन ग्रीन 43 गेंद में 67 रन बनाकर आउट हुए। इस बीच सूर्यकुमार यादव ने 23 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। लेकिन 57 के निजी स्कोर पर अर्शदीप ने उन्हें पवेलियन भेजा। मुंबई को आखिरी दो ओवर में 31 रन चाहिए थे। 19वें ओवर में 15 रन बने और आखिरी ओवर में जीत के लिए 16 रन बनाने थे। लेकिन अर्शदीप ने अंतिम ओवर में दो विकेट लेते हुए सिर्फ दो रन दिए।