आईपीएल 2022 : आज दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ के बीच होगा कड़ा मुकाबला , डेविड वॉर्नर भी रहेगे…

इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के 15वें मुकाबले में गुरुवार को दिल्ली कैपिटल्स की टीम का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा। दिल्ली कैपिटल्स की टीम अपने पहले सीजन में अच्छा प्रदर्शन कर रही लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जीतकर अंकतालिका में टॉप-4 जगह बनाने चाहेगी।

इस मुकाबले से पहले दिल्ली कैपिटल्स के लिए अच्छी खबर सामने आई है। टीम के स्टार बल्लेबाज डेविड वॉर्नर और एनरिक नॉर्टजे चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। इससे दिल्ली की टीम और मजबूत नजर आएगी।

साल 2013 के बाद वॉर्नर दिल्ली कैपिटल्स के लिए अपना पहला मैच खेलते हुए नजर आएंगे। वह 2014 में सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़े थे और 2016 में टीम को खिताब दिलाया था। वॉर्नर हैदराबाद की टीम में रहते हुए तीन बार ऑरेंज कैप होल्डर रहे थे। दिल्ली की टीम उनसे इस सीजन ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद कर रही होगी।

केएल राहुल के नेतृत्व वाली लखनऊ सुपर जायंट्स तीन में से दो मुकाबले जीतकर अंकतालिका में पांचवें स्थान पर है। लखनऊ सुपरजायंट्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल मैच डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी, नवी मुंबई में होगा। लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल मैच गुरुवार (07 अप्रैल) को शाम 7:30 बजे से शुरू होगा।