IPL 2022 : आज मुंबई और राजस्थान के बीच होगा कड़ा मुकाबला , खिलाड़ी तैयार

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में शनिवार यानि के दो अप्रैल को डबल हेडर खेला जाना है। दिन के पहले मुकाबले में आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस का सामना लीग में सबसे पहले खिताब जीतने वाली राजस्थान रॉयल्स की टीम से होगा। यह मैच दोपहर 3 बजकर 30 मिनट से नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा।

पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को अभी भी इस सीजन में अपनी पहली जीत की तलाश है। टीम ने इस सीजन में अब तक केवल ही एक मैच खेला है, जिसमें उसे दिल्ली कैपिटल्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। 10 टीमों की अंकतालिका में मुंबई इस समय नौवें नंबर पर हैं। वहीं, राजस्थान ने जीत के साथ टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत की है। टीम का नेट रन रेट भी काफी बेहतर है। राजस्थान फिलहाल दो अंक लेकर +3.050 नेट रन रेट के साथ दूसरे नंबर पर है।

आईपीएल में मुंबई इंडियंस बनाम राजस्थान रॉयल्स मैच के बीच अगर हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो मुंबई का पलड़ा थोड़ा पारी है। दोनों टीमों के दुनिया की इस सबसे महंगी लीग में अब तक एक-दूसरे के खिलाफ 26 मैच खेले हैं, जिसमें से मुंबई ने 14 और राजस्थान ने 12 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। मुंबई के खिलाफ संजू सैमसन का बल्ला खूब बोलता है। विकेटकीपर बल्लेबाज मुंबई के खिलाफ अब 530 रन बना चुके हैं। आइये, आपको बताते हैं कि मुंबई इंडियंस बनाम राजस्थान रॉयल्स का मैच लाइव कब, कैसे और कहां देख सकते हैं।