IPL 2022: पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को हराया , रोहित शर्मा पर लग सकता है 25 लाख का जुर्माना

मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2022 का सफर अभी तक निराशाजनक रहा है। सीजन 15 में 5 मैच खेल चुकी एमआई अभी भी पहली जीत के लिए तरस रही है। पंजाब किंग्स के हाथों बुधवार हुए मुकाबले में टीम को 12 रनों से हार का सामना करना पड़ा और यह मुंबई की इस सीजन में लगातार 5वीं हार है। मुंबई की परेशानी यहीं खत्म नहीं हुईं।

पंजाब के खिलाफ स्लो ओवर रेट की वजह से टीम पर जुर्माना भी लगा। इस सीजन में मुंबई की यह दूसरी गलती थी तो कप्तान समेत प्लेइंग इलेवन के अन्य खिलाड़ी भी लपेटे में आए। अगर मुंबई इंडियंस इस सीजन में तीसरी बार यह गलती दोहराती है तो जुर्माने के साथ-साथ कप्तान रोहित शर्मा पर एक मैच का बैन भी लग सकता है।

स्लो ओवर रेट के नियमों के अनुसार अगर कोई टीम सीजन में पहली बार यह गलती करती है तो कप्तान पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया जाता है। वहीं दूसरी बार गलती करने पर कप्तान समेत प्लेइंग इलेवन में शामिल खिलाड़ियों को दंड भरना होता है। गलती दोहराने पर कप्तान पर जुर्माने की रकम 25 लाख हो जाती है तो बाकी खिलाड़ियों को 6 लाख या फिर 25 प्रतिशत मैच फीस जो कम हो उसका जुर्माना भरना पड़ता है।

अगर कोई टीम तीसरी बार एक सीजन में यह गलती करती है तो कप्तान पर 30 लाख रुपए के जुर्माने का साथ एक मैच का बैन और प्लेइंग इलेवन में शामिल खिलाड़ियों पर 12 लाख या फिर 50 प्रतिशत मैच फिस जो कम हो उसका जुर्माना लगाया जाता है।