IPL 2021 : मुंबई इंडियंस के पास है ऑफ में पहुंचने एक और मौका, जानिए कैसे…

क्रिकेट की सबसे बड़ी और लोकप्रिय टी20 क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग की सबसे सफलतम टीमों में से एक मुंबई इंडियंस की टीम 14वें सीजन में पूरी तरह से संघर्ष कर रही है। इस लीग में सबसे ज्यादा पांच बार चैंपियन बनने का स्वाद चखने वाली मुंबई इंडियंस की टीम इस बार प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए जूझ रही है।

मुंबई इंडियंस की टीम में एक जबरदस्त संतुलन है और जिस तरह के खिलाड़ी उनके खेमे में हैं, उससे तो वो कभी भी पलटवार कर सकती है, लेकिन उनकी स्थिति इस सीजन में कुछ ज्यादा ही नाजुक हो चुकी है।

रोहित शर्मा की अगुवायी वाली मुंबई इंडियंस की टीम इस सीजन में फिलहाल 7वें पायदान पर हैं, जिनके 12 मैचों के बाद केवल 10 अंक हैं, उन्हें अब प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए अपने अगले दोनों ही मैच जीतने होंगे, तो साथ ही दूसरी टीमों के परिणाम पर भी निर्भर रहना होगा।

शनिवार को मुंबई इंडियंस की टीम को दिल्ली कैपिटल्स ने हराने के साथ ही उनकी डगर को बहुत ही मुश्किल बना दिया है, क्योंकि मुंबई को ना केवल जीत चाहिए बल्कि अपनी नेट रनरेट में भी सुधार करना होगा।

वैसे किसी तरह से भी मुंबई की उम्मीदें तो खत्म नहीं हुई है और इसी बीच उनके गेंदबाजी कोच ने टीम के प्लेऑफ में पहुंचने का फॉर्मूला बताया है। मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच शेन बॉन्ड ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार के बाद अपनी बात रखी।

शेन बॉन्ड ने इसे लेकर कहा कि ‘हम ठीक खेल रहे हैं, हम जानते हैं कि हम अपने सर्वश्रेष्ठ के आसपास कहीं नहीं खेल रहे हैं, लेकिन हम अभी भी प्रतियोगिता में हैं। हम देखेंगे आगे क्या होता है। हमने केवल पांच मैच जीते हैं, लेकिन अगर हम अपने बाकी बचे 2 मैच अच्छे अंतर से जीत लेते हैं और कुछ मुकाबलों के नतीजे हमारे हक में जाते हैं, तो हमारे पास भी प्लेऑफ में जगह बनाने का मौका है।’