IPL 2020: मुंबई ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 49 रनों से हराया , रोहित ने लगाए ताबड़तोड़ छक्के

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अपने पुराने रंग में दिखे। उन्होंने अपनी सटीक और खतरनाक गेंदबाजी से कोलकाता के मध्यक्रम को ध्वस्त कर दिया। बुमराह ने एक ही ओवर में पहले खतरनाक आंद्रे रसेल की गिल्ली उड़ाई और फिर तीन गेंद के बाद इयोन मोर्गन को भी पवेलियन भेज दिया।  बुमराह के इस ओवर ने मैच को पूरी तरह से पलट दिया। उन्होंने चार ओवर में 32 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए।

पहले मैच में फेल होने के बाद सूर्यकुमार यादव का बल्ला एक बार फिर चला।उन्होंने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए मात्र 28 गेंदों में 47 रन ठोंके। इस दौरान उन्होंने छह चौके और एक छक्का भी लगाया। रन आउट होने से पहले यादव ने रोहित के साथ मिलकर अहम साझेदारी की।

कोलकाता के खिलाफ अपना शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए रोहित ने कप्तानी पारी खेली और आगे बढ़कर टीम को लीड किया। रोहित ने एक बार फिर से अपने बल्ले से रनों की बौछार की।

उन्होंने मात्र 54 गेंदों में ताबड़तोड़ 80 रन बनाए। इस दौरान रोहित ने तीन चौके और छह छक्के जड़े। उन्होंने सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी भी की।

आईपीएल के 13वें सीजन में मुंबई इंडियंस ने अपनी पहली जीत दर्ज की। चेन्नई के खिलाफ मिली हार से उबरने के बाद मुंबई ने बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को पटखनी दी। अबू धाबी के शेख जायेद स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई ने केकेआर को 49 रनों के अंतर से मात दी।

रोहित की अगुवाई में मुंबई की टीम कार्तिक की केकेआर पर हर क्षेत्र में भारी पड़ी। ऐसे में आइए जानते हैं कि किन पांच खिलाड़ियों के दम पर मुंबई ने कोलकाता को हराया।