उत्तराखंड में मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस बरकरार , इन नेताओ को बुलाया गया दिल्ली

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस बरकरार है। इस बीच भाजपा हाईकमान के बुलावे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को पार्टी हाईकमान ने दिल्ली बुलाया है। पूर्व सीएम और महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी भी दिल्ली में बताए जा रहे हैं।

विधानसभा चुनाव 2022 में जीत के बाद भाजपा अभी तक मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा नहीं कर पाई है। सीएम पुष्कर सिंह धामी के खटीमा विधानसभा सीट से हारने के बाद भाजपा के सामने मुख्यमंत्री चयन चुनौती बना हुआ है। वहीं शनिवार देर रात पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत की राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष से दिल्ली में मुलाकात हुई।

मुख्यमंत्री धामी दिल्ली रवाना होने के लिए शनिवार रात साढ़े आठ बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे और स्टेट प्लेन से दिल्ली रवाना हुए। जबकि पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत शुक्रवार को ही होली खेलने के बाद दिल्ली चले गए थे। त्रिवेंद्र के दिल्ली कूच के साथ ही सत्ता के गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। त्रिवेंद्र पहले ही साफ कर चुके हैं कि जब वे विधायक ही नहीं हैं तो सीएम की दौड़ में कैसे शामिल हो सकते हैं।

वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक भी शनिवार देर शाम को दिल्ली रवाना हो गए। सीएम धामी और कौशिक की भी दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात होगी। राजनैतिक सूत्राें की मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान केंद्रीय नेतृत्व की ओर से सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद ही किया जाएगा।