राहुल गांधी की देहरादून में 16 दिसबंर को चुनावी रैली, भव्य और ऐतिहासिक बनाने की कवायद शुरू

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की 16 दिसंबर को देहरादून परेड ग्राउंड में रैली होनी है। राजनीतिक जानकार इस रैली को पीएम मोदी के दौरे के जवाब के तौर पर देख रहे हैं।

ऐसे में रैली को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की कवायद शुरू हो गई है। कांग्रेस पदाधिकारियों की मानें तो इस रैली में एक लाख समर्थक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटेंगे। प्रत्येक विधानसभा को एक निश्चित लक्ष्य दिया गया है।

नैनीताल जिला कांग्रेस को रैली के लिए 10 से 15 हजार लोग जुटाए का लक्ष्य दिया गया है। बांग्लादेश निर्माण के दौरान हुए युद्ध में भारत की पाकिस्तान पर ऐतिहासिक विजय की 50वीं वर्षगांठ पर आयोजित होने वाली इस रैली में पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव समेत कई आला नेता रैली के लिए परेड ग्राउंड का चयन कर चुके हैं।

उत्तराखंड में 2022 विधानसभा चुनाव से पहले राहुल का ये पहला दौरा होगा। नैनीताल जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों की मानें तो प्रत्येक जिला कमेटी को 10 से 15 हजार या इससे अधिक समर्थक रैली में जुटाने हैं।

पार्टी के नैनीताल जिला अध्यक्ष सतीश नैनवाल ने बताया कि प्रत्येक दावेदार को 500 या इससे अधिक लोगों को बसों और छोटे वाहनों के माध्यम से रैली स्थल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसकी बाकायदा वीडियो रिकॉर्डिंग भी होगी। ताकि टिकट बंटवारे के समय इस पर ध्यान दिया जा सके।

प्रत्येक विधानसभा से दर्जनों की संख्या में पूर्व सैनिक भी शामिल होंगे। इसकी जिम्मेदारी दावेदारों के साथ-साथ ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को दी गई है। जानकारी के अनुसार वर्दी में आने वाले सभी पूर्व सैनिकों के लिए रैली स्थल पर अलग कॉरिडोर बनाया जाएगा। जहां पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी उनसे मुलाकात करेंगे।