महज आधे घंटे के अंतराल बदमाशों ने किया कुछ ऐसा, विरोध करने पर बिछा दी लाशें

राजधानी में बदमाशों का आंतक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला पूठखुर्द और मांगोलपुरी ब्लॉक का है। यहां सोमवार रात काे महज आधे घंटे के अंतराल में बदमाशों ने तीन लोगों को चाकू मार दिया। पहले मामले में लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने युवक को चाकू मारा। जबकि दूसरे मामले में मामूली कहासुनी के दौरान दो युवकों को बदमाशों ने चाकू मार कर घायल किया। दोनों ही वारदातों में बदमाश मौके से फरार हो गये। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश कर रही हैं।

पहली घटना बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी बी ब्लॉक इलाके की है। यहां बीती देर रात काम पर से घर लौट रहे युवक को बदमाशों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार अरुण (30) परिवार के साथ एस ब्लॉक मंगोलपुरी में रहता है। वह करोल बाग में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। पुलिस के अनुसार देर रात करीब 11.30 बजे अरुण काम पर से घर लौट रहा था। वह मंगोलपुरी बी ब्लॉक पहुंचा।

तभी उसे कुछ लोगों ने घेर लिया और लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने पीड़ित को चाकू मार दिया। इधर जैसे-तैसे पीड़ित ने वारदात की सूचना पुलिस को दी। फिलहाल पुलिस पीड़ित द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर बदमाशों की तलाश करने में जुटी हुई है।

दूसरी घटना 12 बजे पूठ खुर्द इलाके की है। यहां मामूली कहासुनी के दौरान दो युवकों को बदमाशों ने चाकू मार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गये। घायलों की पहचान पूठखुर्द निवासी पवन व प्रदीप के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, देर रात पुलिस को सूचना मिली कि पूठखुर्द इलाके में दो युवकों को बदमाशों ने चाकू मार दिया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, शुरूआती जांच में पता चला है कि मामूली कहासुनी के दौरान युवकों को चाकू मारा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।