जगन्नाथ मंदिर के पास हैं ये लोकप्रिय स्थल, पुरी रथ यात्रा के लिए जाएं तो करें सैर

7 जुलाई को विश्व विख्यात जगन्नाथ रथ यात्रा की शुरुआत हो रही है। भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा को लेकर पुरी में भव्य आयोजन होता है। भारत के चार धामों में से एक जगन्नाथ मंदिर उड़ीसा के पुरी में स्थित है। आषाढ़ माह में शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि से रथ यात्रा का आयोजन होता है। इस दौरान भगवान विष्णु के अवतार प्रभु श्री कृष्ण जो कि पुरी में भगवान जगन्नाथ नाम से पुकारे जाते हैं, वह मंदिर से बाहर घूमने के लिए निकलते हैं। उनके साथ भाई बलराम और बहन सुभद्रा भी होती हैं।

देश विदेश से लोग यात्रा में शामिल होते हैं। ऐसे में जगन्नाथ रथ यात्रा के लिए पुरी जाएं तो आसपास के पर्यटन स्थलों को भी घूम सकते हैं। उड़ीसा में कई प्रसिद्ध मंदिर तो हैं ही साथ ही सुंदर बीच और झील भी है।

चिल्का झील

पुरी से लगभग 55 किमी दूर चिल्का लेक स्थित है जो कि खारे पानी की सबसे बड़ी झील है। यह स्थान छोटे द्वीपों से घिरा है। यहां आने वाले पर्यटकों के लिए चिल्का लेक आकर्षण का केंद्र है। लेक में बोटिंग के दौरान पर्यटक कई तरह के पक्षियों को देख पाते हैं। यहां डॉल्फिन की विभिन्न प्रजातियों को भी देखा जा सकता है। इसके अलावा चिल्का लेक में नौका विहार के दौरान समुद्र और झील का संगम भी देखने को मिलता है।

पुरी बीच

पुरी समुद्र किनारे बसा है। जगन्नाथ रथ यात्रा के अलावा आप शाम के वक्त पुरी बीच पर घूमने के लिए जा सकते हैं। पुरी बीच बंगाल की खाड़ी के तट पर स्थित गोल्डन बीच के नाम से मशहूर है। सुबह की सैर के दौरान सूर्योदय और लहरों के बीच का शानदार दृश्य का आनंद उठा सकते हैं। वहीं यहां कयाकिंग, सर्फिंग, जेट स्कीइंग और बोटिंग जैसी एक्टिविटी कर सकते हैं।

रघुराज आर्टिस्ट विलेज

पुरी के पास ही रघुराजपुर भार्गवी नदी है, जिसके दक्षिणी तट पर एक हिंदू तीर्थ शहर बसा है। यहां भगवान जगन्नाथ के सिंहासन के नीचे इस्तेमाल की जाने वाली पारंपरिक सजावट देखने को मिलती है, जिसे पटास कहा जाता है। रघुराज विलेज गुरु केलुचरण महापात्र की जन्मस्थली भी है।

बिरला मंदिर

पुरी में ही एक मशहूर देवी मंदिर है। बिरला मंदिर के नाम से लोकप्रिय इस मंदिर को शक्तिपीठ के रूप में माना जाता है। मंदिर का निर्माण बलुआ पत्थरों से हुआ है , जो कि रोहिणी कुंड नाम के तालाब के पास स्थित है। यहां 16 दिनों तक भव्य दुर्गा पूजा उत्सव का आयोजन होता है।