घर वापसी के लिए बेसब्री से सरकारी मदद का इंतजार कर रहे थाईलैंड में फंसे सैकड़ों भारतीय

लॉकडाउन के कारण सभी विमान सेवाएं बंद होने की वजह से हजारों लोग जहां-तहां फंसे हैं। लोगों का दर्द भी निकलकर सामने आने लगा है। थाईलैंड में भी सैकड़ों भारतीय फंसे हैं, जो घर वापसी के लिए बेसब्री से सरकारी मदद का इंतजार कर रहे हैं।

स्कूल, कॉलेज और दूसरे प्रतिष्ठान बंद होने से लोगों की नौकरियां भी जाने लगी हैं। लॉकडाउन के कारण फंसे लोग अब घर वापस आना चाहते हैं और हर कोई सरकार से गुहार लगाने में जुटा है लेकिन अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बंद होने के कारण, तीन मई तक ऐसे लोगों की घर वापसी मुश्किल है। लोग सरकार से पूछ रहे हैं कि उन्हें यहां से कब निकाला जाएगा।

ये लोग लगातार सोशल मीडिया, फोन और ई-मेल के जरिए सरकार से घर वापसी की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। फुकेत में प्रशिक्षण लेने गए भारतीय तैराक सजन प्रकाश भी फंसे हुए हैं।