मुंडका इलाके में रात बदमाशों ने प्राइवेट अस्पताल के मालिक को दी जान से मारने की धमकी

बाहरी दिल्ली के मुंडका इलाके में शनिवार रात बदमाशों ने एक प्राइवेट अस्पताल के मालिक को जान से मारने की धमकी देकर 10 लाख की रंगदारी मांगी। फिलहाल पुलिस पीड़ित के बयान पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार अशोक (45) (बदला हुआ नाम) परिवार के साथ मुंडका में रहते हैं। अशोक का प्राइवेट अस्पताल है।

पुलिस के अनुसार देर रात पीड़ित अपने अस्पताल में मौजूद थे। इसी बीच दो युवक आये। दोनों युवकों ने पीड़ित के बेटे को बुलाकर पीड़ित से मिलने की बात कही। पीड़ित दोनों युवकों से मिलने के लिये पहुंचा। दोनों युवकों ने पीड़ित को पिस्टल दिखाकर कहा कि ‘अगर अस्पताल चलाना है तो 10 लाख रुपये दे दो। तुम्हारे पास 10 दिन का समय है। अगर रुपये नहीं दिये तो यहां चप्पल ही चप्पल होंगी और आसपास लाशें होगी। बदमाशों ने पीड़ित को धमकी दी की कि अगर किसी तो बताने की कोशिश की तो वह उसे गोली मार देंगे। इतना कहकर दोनों बदमाश चले गये। इधर पीड़ित ने हिम्मत कर पूरी आपबीती परिवार को बताई। उसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार आरोपित की फोटो सीसीटीवी में कैद हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।