हरियाणा की रहने वाली है तेजस्वी की पत्नी, दिल्ली में आज होगी रिंग सेरेमनी

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव की आज दिल्ली के एक होटल में सगाई होने वाली है।

जानकारी के अनुसार जल्द ही वे सात फेरे भी लेंगे। खबरें यह भी आ रही हैं कि उनकी आज शादी हो सकती है। तेजस्वी की होने वाली पत्नी हरियाणा की रहने वाली हैं। यह लालू के परिवार में पहला अंतरजातीय विवाह होगा। परिवार और पार्टी की तरफ से कार्यक्रम को लेकर जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

तेजस्वी यादव की सगाई और शादी की तैयारियां बेहद गोपनीय तरीके से हो रही हैं। मीसा भारती के दिल्ली स्थि फार्महाउस में सारी तैयारियां हो चुकी हैं। जानकारी के अनुसार, तेजस्वी अपनी दोस्त राजश्री के साथ जल्द शादी के बंधन में बंधने वाले हैं।

तेजस्वी और उनकी होने वाली दुल्हन दोनों दिल्ली के आरके पुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में साथ पढ़ते थे। लड़की हरियाणा की रहने वाली है और परिवार के साथ दिल्ली स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में रहती हैं। आज के कार्यक्रम को लेकर परिवार का कोई सदस्य या दोस्त कुछ नहीं बोल रहा है।

तेजस्वी यादव की सगाई में शामिल होने के लिए लालू यादव का पूरा परिवार दिल्ली में मौजूद है। परिवार से जुड़े सभी खास लोग भी पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि लालू-राबड़ी की सातों बेटियों और दामाद के अलावा रिश्तेदारों के भी आने का सिलसिला जारी है। कार्यक्रम में केवल 40-50 खास लोगों को ही बुलाया गया है।

तेजस्वी यादव की होने वाली दुल्हन यादव नहीं हैं। ऐसे में चर्चा है कि यह लालू परिवार में होने वाला पहला अंतरजातीय विवाह है। इसी वजह से बताया जा रहा है कि लालू यादव नाराज हैं। लालू के परिवार में अभी तक सभी बच्चों की शादी यादव जाति से ताल्लुक रखने वाले परिवारों में हुई है। वहीं माना जा रहा है कि तेजस्वी लव मैरिज कर रहे हैं।

सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि आज तेजस्वी यादव की शादी है। इन बातों को रोहिणी आचार्य के ट्वीट से बल मिला है। कल रोहिणी ने ट्वीट कर कहा था, ‘भाई के सिर पर सेहरा है सजने वाला खुशियों से गुलजार घर का आंगन है होने वाला।’ इससे अटकलें लगाई जा रही हैं कि आज राजद नेता शादी के पवित्र बंधन में बंध जाएंगे।