गांधी जयंती पर दो अक्‍टूबर से बिहार में होगा इस अभियान का आगाज, 7 बजे से 11 बजे तक खुले रहेंगे स्‍कूल

बिहार में मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार का एक और ड्रीम प्रोजक्‍ट प्रदेश में शुरू होने जा रहा है। यह ड्रीम प्रोजेक्‍ट है जल-जीवन-हरियाली। जानकारी के अनुसार, गांधी जयंती पर दो अक्‍टूबर से बिहार में जल-जीवन-हरियाली अभियान का आगाज होगा।

इसकी तैयारी पिछले कई महीनों से की जा रही है। इसे देखते हुए बिहार सरकार ने इस बार सरकारी स्‍कूलों में गांधी जयंती की छुट्टी कैंसिल कर दी है। उस दिन सुबह 7 बजे से साढ़े 11 बजे तक स्‍कूल खुले रहेंगे।

नीतीश सरकार ने गांधी जयंती को लेकर बड़ा फैसला लिया है। इस बार दो अक्‍टूबर को बिहार में सभी स्कूल खुले रहेंगे। गांधी जयंती की छुट्टी को कैंसिल कर दिया गया है। इतना ही नहीं, उस दिन सभी शिक्षकों के साथ छात्र-छात्राओं को भी उपस्थित रहना है। इसे लेकर विभागीय स्‍तर पर अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है।

गौरतलब है कि पिछले दिनों जलवायु परिवर्तन को लेकर बड़ा कार्यक्रम भी पटना में हुआ था। इसमें मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने साफ कहा था कि जल व पेड़ों को बचाना है, तभी हरियाली बचेगी। हरियाली है तो हम हैं। इसके प्रति वे लोगों को लगातार सजग कर रहे हैं।

इसी कड़ी में आज बुधवार को मुंगेर के कार्यक्रम में भी मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने जल-जीवन-हरियाली पर जाेर दिया। उन्‍होंने फिर कहा पृथ्वी पर जल और हरियाली रहेगी, तभी जीवन रहेगा। यह बात प्रत्येक व्यक्ति को मान लेनी चाहिए। तालाब, पोखर, आहर, पाइन आदि को अतिक्रमणमुक्त कराए जाएंगे। सार्वजनिक कुआं का जीर्णोद्धार कराए जाएंगे।