बीजेपी जिलाध्‍यक्ष के घर चोरी , बेखौफ चोरों ने उड़ाए लाखों के जेवर

बेखौफ चोर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रयागराज यमुनापार विभव नाथ भारतीया के घर से लाखों के आभूषण और नकदी उड़ा ले गए। दरवाजा की कुंडी तोड़कर इस घटना को अंजाम दिया गया।

करछना क्षेत्र के खांई गांव में यह वारदात हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष विभव नाथ भारतीया 2012 में बारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट से चुनाव भी लड़ चुके हैं। विभव नाथ सात भाई हैं और उनका छोटा भाई अमरनाथ भारतीया चाका में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार को अमरनाथ के यहां चाका में बरहो का कार्यक्रम था।

जिसमें शामिल होने के लिए परिवार की महिलाएं और सभी लोग गये थे। घर पर छोटा भाई बलवंत नारायण व पूर्व प्रधानाध्यापक पिता भगवत प्रसाद थे। देर रात दोनों लोग खाना खाने के बाद सो गए। इसी बीच पहले से घात लगाकर बैठे चोर दरवाजे की कुंडी तोड़कर घर में घुस गए और दो बॉक्स को अपने साथ उठा ले गए। इसके बाद घर से सौ मीटर की दूरी पर ले जाकर उसमें रखे दस लाख रुपये नकदी समेत लगभग बारह लाख रुपये के सोने चांदी के जेवरात को चोर उड़ा ले गए।

भाजपा जिलाध्यक्ष के घर चोरी तब हुई जब उनका परिवार एक कार्यक्रम में बाहर गया था। सुबह करीब 4 बजे लौटते समय घर के पास सड़क के किनारे बॉक्स के साथ सामान बिखरा हुआ दिखाई दिया। गाड़ी रोककर देखा तो उनके घर का ही बॉक्स था। जिसमें रखा गया नकदी समेत आभूषण गायब था। घटना की जानकारी पीड़ित ने फोन के माध्यम से पुलिस को दी। चोरी की घटना की सूचना होने पर पुलिस महकमे हड़कंप मच गया।