उत्तराखंड के झबरेड़ा में किसानों के हकों के लिए अब लड़ी जाएगी अदालत में कानूनी लड़ाई

झबरेड़ा में  किसानों के हकों के लिए अब सड़क के साथ-साथ अदालत में कानूनी लड़ाई भी लड़ी जाएगी। किसानों को उनका हक दिलवाया जाएगा। यह बात राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह भाटी ने इकबालपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही। इस दौरान उन्होंने संगठन की प्रांतीय और जिला कार्यकारिणी का भी विस्तार किया।

इकबालपुर में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह भाटी ने कहा कि राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार वीएम सिंह लगातार किसानों के हितों को लेकर सड़क से न्यायालय तक संघर्ष कर रहे हैं। पहली बार उत्तराखंड के अंदर भी संगठन को खड़ा करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरदार वीएम सिंह ने ही अदालत में यह हक दिलवाया कि चीनी मिल की चीनी पर पहला हक किसान का है, इसके बाद बैंक और दूसरी संस्थाओं का।

इसी तरह से बकाया गन्ने पर ब्याज सहित भुगतान की लड़ाई भी उन्होंने ही कोर्ट के अंदर लड़ी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के अंदर भी मजबूती के साथ संगठन की लड़ाई को लड़ा जाएगा। इसके लिए संगठन का विस्तार किया जा रहा है। मोहम्मद अखलाक को प्रदेश सलाहकार, रामपाल प्रधान प्रदेश संरक्षक, सतीश पंवार महक सिंह जिला उपाध्यक्ष, सुरेश जिला सचिव, रमेश प्रदेश सचिव, विरेन्द्र को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा अन्य पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गई है।