यूपी समेत कई राज्यों में आज भी भीषण गर्मी, 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक का तापमान

देश के उत्तरी राज्यों में आज भी भीषण गर्मी का सितम जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने भले ही मंगलवार से राहत की उम्मीद जताई है, लेकिन सोमवार का दिन भीषण गर्मी के साथ ही गुजरेगा।

विभाग का अनुमान है कि यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत कई उत्तर भारत और पूर्वी राज्यों में 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक का तापमान बना रहेगा।

हालांकि 3 और 4 मई को कुछ राहत मिल सकती है। अनुमान है कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में बारिश होगी। इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर, यूपी, हरियाणा में तेज आंधी चल सकती है। इससे तापमान में कुछ गिरावट आएगी और लोगों को झुलसाती गर्मी से राहत मिल सकती है।

कई इलाकों में आज शाम से ही मौसम बदल सकता है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम में तब्दीली आ सकती है। आज से 4 मई तक असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अच्छी खासी बारिश हो सकती है। मैदानी राज्यों में भले ही बारिश नहीं होगी, लेकिन 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है।

भले ही दिल्ली-एनसीआर में बारिश नहीं होगी, लेकिन पहाड़ी राज्यों में मौसम बदलने का असर दिखेगा। मंगलवार से दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में लू का कहर कम पड़ सकता है। यह राहत 7 मई तक जारी रह सकती है। हालांकि इसके बाद एक बार फिर से मौसम बदल सकता है। राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र से जुड़े आरके जेनामनि ने कहा, ‘लू का कहर आने वाले दिनों में कम होगा। पूर्वी भारत में मौसम बदलने लगा है।

हम उम्मीद करते हैं कि जल्दी ही उत्तर पश्चिम और उत्तर भारत में राहत का दौर आएगा और 7 मई तक मौसम में तब्दीली बनी रह सकती है। इससे पहले 11 से 19 मार्च, 27 मार्च से 12 अप्रैल, 17 से 19 अप्रैल और 26 से 30 अप्रैल तक लू का काफी कहर देखने को मिला था।’