विधानसभा चुनाव-2022 के लिए कांग्रेस ने जारी किया घोषणा पत्र , किया ये बड़ा वादा

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2022 के लिए अपने घोषणा पत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी ने नई दिल्ली स्थिति पार्टी मुख्यालय में ये घोषणा पत्र जारी कर दिया।

‘भर्ती विधान’ नाम से जारी इस घोषणा पत्र में 20 लाख नौकरियों सहित युवाओं के लिए वादों की झड़ी लगाई गई है। इस मौके पर राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं की शक्ति के आधार पर नए उत्तर प्रदेश का निर्माण करना चाहती है। घोषणा पत्र में महिलाओं के लिए आठ लाख नौकरियों का वादा किया गया है।

राहुल गांधी ने कहा कि हम आपको रोजगार कैसे और किस प्रकार से दिलाएंगे, यह सब हमने इस घोषणा पत्र में लिखा है। इस घोषणा पत्र को बनाने के लिए कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के युवाओं से बात की है। हमने उनके विचारों को इस घोषणा पत्र में डाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी में हर 24 घंटे में करीब 880 युवा रोज़गार खोते हैं। भाजपा के पिछले 5 वर्षों के शासन में लगभग 16 लाख युवाओं ने रोज़गार खोया है।

प्रियंका गांधी ने घोषणा पत्र के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार आई तो यूपी में युवाओं की समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा। प्राथमिक विद्यालय में डेढ़ लाख शिक्षकों की भर्ती होगी। माध्यमिक विद्यालयों में 30 हजार और उच्च शिक्षा में 8 हजार खाली पद भरे जाएंगे।

डॉक्टरों के 6 हजार, पुलिस विभाग में एक लाख रिक्त पद भरेंगे। 20 हजार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 27 हजार आंगनवाड़ी सहायक, संस्कृत विद्यालय में 2 हजार शिक्षक, 32 हजार फिजिकल एजुकेशन, वन प्रॉडक्ट वन डिस्ट्रिक्ट पॉलिसी में बदलाव करके कल्स्टर बनाए जाएंगे।

प्रियंका गांधी ने कहा कि यूपी में परीक्षार्थियों के लिए फार्म भरने की व्यवस्था नि:शुल्क होगी। प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। परीक्षा के लिए प्रतियोगी छात्र बस और ट्रेन में मुफ्त में यात्रा कर सकेंगे। सीड स्टार्ट अप फंड के लिए 5 हजार करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया जाएगा।

सरकारी नौकरियों में आरक्षण को ठीक ढंग से लागू कराया जाएगा। प्रियंका गांधी ने कहा कि भर्ती विधान में जो भी वादे किए गए हैं उन्हें कांग्रेस सरकार पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि आज ज्यादातर नकारात्मक प्रचार किया जा रहा है। हम चाहते हैं कि प्रचार में युवाओं के भविष्य की बात हो।

घोषणा पत्र के बारे में जानकारी देते हुए प्रियंका गांधी ने बताया कि भर्ती विधान में पांच सेक्शन हैं। इसमें युवाओं की अलग अलग समस्याओं पर फोकस किया गया है। यूपी में प्रतियोगी परीक्षाओं की अनियमितता और अतीत में हुए पेपर लीक कांडों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आई तो एक परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाएगा। इसमें भर्ती विज्ञापन, परीक्षा, नियुक्ति की तारीखें दर्ज होंगी।

इसका उल्लंघन होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरक्षण के घोटाले को रोकने के लिए हर भर्ती के लिए सामाजिक न्याय पर्यवेक्षक होंगे। उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षा का बजट कम किया है। हमारी सरकार आएगी तो ये बजट बढ़ाया जाएगा। सभी कॉलेज और विश्वविद्यालयों को अपग्रेड किया जाएगा। अच्छी शिक्षा भविष्य निर्माण के लिए सबसे जरूरी है।

कांग्रेस घोषणा पत्र के बड़े वादे

– 20 लाख सरकारी नौकरियों की गारंटी

– 8 लाख सरकारी पद महिलाओं के लिए

– परीक्षार्थियों के लिए बस, रेल यात्रा मुफ्त होगी

– शिक्षकों के 1.50 लाख खाली पद भरे जाएंगे

– जॉब कैलेंडर बनाया जाएगा. पेपर, ज्वाइनिंग की तारीख तय होगी

– 30 साल से कम उम्र के उद्यमियों को प्राथमिकता

– सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के शुल्क माफ करेंगे

– सीड स्टार्टअप फंड के लिए 5 हजार करोड़