इस्लामाबाद समेत पाकिस्तान के कई इलाकों में भूकंप; खैबर पख्तूनख्वा में छह मजदूरों की हत्या

पाकिस्तान के इस्लामाबाद, रावलपिंडी और आसपास के इलाकों में शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल में भूकंप की तीव्रता 4.4 मापी गई है। भूकंप के डर से लोग कलमा-ए- तैयबा पढ़ते हुए अपने घरों से निकले।

भूकंप के कारण इस्लामाबाद या रावलपिंडी में किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं दी गई है। पिछले महने गिलगिट में 3.3 की तीव्रता से भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। अक्तूबर में 3.1 की तीव्रता से करांची के विभिन्न इलाकों में भूकंप आया था। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र इस्लामाबाद के अनुसार इसकी गहराई 15 किमी दर्ज की गई, जिसका केंद्र कराची के कायदाबाद के पास था।

खैबर पथ्तूनख्वा में छह मजदूरों की हत्या
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को एक अज्ञात आतंकी ने पुलिस स्टेशन के निर्माण स्थल पर काम कर रहे छह मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना दक्षिण वजीरिस्तान के वाना की है।

मजदूरों पर गोली तब चलाई गई, जब वह अपने टेंट में थे। दक्षिण वजीरिस्तान जिले के पुलिस अधिकारी फरमानुल्लाह ने इस हादसे की पुष्टि की है। फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने इस हादसे की जिम्मेदारी नहीं ली है। अगस्त में भी इसी जिले में आतंकी हमले में 11 मजदूरों की मौत हो गई थी, वहीं दो अन्य घायल हुए थे। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत आतंकी हमलों से सबसे ज्यादा प्रभावित रहा है। नवंबर में 51 हमलों में 54 लोगों की मौत हुई है, तो वहीं 81 लोग घायल हुए हैं।

संतोष झा बने श्रीलंका में भारत के नए उच्चायुक्त
श्रीलंका में भारत के नए उच्चायुक्त संतोष झा ने पदभार ग्रहण किया है। उन्होंने शुक्रवार को श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को अपना परिचय पत्र सौंपा है। संतोष झा ने गोपाल बागले की जगह ली है। गोपाल बागले को ऑस्ट्रेलिया में भारत के नए उच्चायुक्त के रूप में नियुक्त किया गया है। संतोष झा यूरोपियन संघ, बेल्जियम और लक्जमबर्ग में भारत के राजदूत रह चुके हैं। इसके अलावा वह दिल्ली में विदेश मंत्रालय के भी विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। उन्होंने 2007-2010 तक कोलंबो में उच्चायोग में परामर्शदाता के तौर पर भी काम कर चुके हैं।