उत्तराखंड में अशासकीय विद्यालयों में भर्ती पर लगी रोक हटी , जल्द शुरू होंगे आवेदन

उत्तराखंड में अशासकीय विद्यालयों में भर्ती पर लगी रोक हट गई है। जल्द ही खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। यूं तो, दो सौ से ज्यादा स्वीकृत पद रिक्त हैं। मगर, शिक्षा विभाग छात्र संख्या के अनुसार ही शिक्षकों की भर्ती की अनुमति देगा।

दो साल से अशासकीय विद्यालयों में भर्ती पर सरकार ने रोक लगा रखी थी। इस कारण जिले के तमाम अशासकीय स्कूलों में शिक्षकों के कई पद खाली हो गए।

लेकिन अब भर्ती से रोक हटा ली गई है। हालांकि स्वीकृत पदों के लिहाज से दो सौ से ज्यादा पद अभी खाली हैं। सरकार ने भर्ती के लिए छात्र संख्या का मानक तय किया है, जिस हिसाब से सौ से कम पदों पर भर्ती हो सकती है। शिक्षा विभाग स्कूलों में छात्र संख्या देखने के बाद ही पद स्वीकृत करेगा।

सीईओ डॉ. मुकुल सती ने बताया कि पहले स्कूलों में छात्र संख्या ज्यादा थी, अब कम हो गई है। पहले शिक्षकों के काफी पद स्वीकृत थे। लेकिन, वर्तमान में उनकी जरूरत नहीं है। इसलिए, जो भी स्कूल जितने पदों के लिए आवेदन करेंगे, वहां छात्र संख्या जांचने के बाद उस हिसाब से भर्ती की अनुमति देंगे। भर्ती का विज्ञापन भी सार्वजनिक किया जाएगा। ताकि, कहीं गड़बड़ी न हो।