प्रवर्तन निदेशालय ने विधायक विजय मिश्र पर कसा शिकंजा , चल रही संपत्तियों की जांच

पूर्व सांसद अतीक अहमद की करोड़ों की संपत्ति जब्त करने के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय ज्ञानपुर के विधायक विजय मिश्र पर शिकंजा कसने वाली है। ईडी की टीम ने आगरा जेल जाकर विजय मिश्र का बयान दर्ज किया है।

अब उनकी संपत्तियों की जांच चल रही है। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान की प्रयागराज शाखा ने विधायक विजय मिश्र और उनकी पत्नी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत हंडिया थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप था कि दोनों ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। वर्ष 2002 से 2017 के बीच विधायक की संपत्ति 2.32 करोड़ थी लेकिन इसकी तुलना में उनकी अर्जित संपत्ति की कीमत 23.82 करोड़ पाई गई।

इसी मुकदमे को आधार बनाकर ईडी ने विधायक विजय मिश्र के खिलाफ मनी लांड्रिंग का मुकदमा दर्ज किया था। इस केस की जांच कर रही ईडी की टीम ने विजय मिश्र के खिलाफ साक्ष्य एकत्र किए हैं। कार्रवाई से पहले आगरा जेल जाकर विजय मिश्र से पूछताछ की गई। उनका बयान दर्ज किया गया है। अब इस मामले में ईडी बड़ी कार्रवाई कर सकती है।

विधायक विजय मिश्र के खिलाफ हत्या व रेप समेत 73 मुकदमे विभिन्न जिलों में दर्ज हैं। वह कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर हमले का भी आरोपी है। प्रयागराज में विजय मिश्र की संपत्तियों पर प्रयागराज विकास प्राधिकरण का बुल्डोजर चल चुका है। अल्लापुर में बहुमंजिला इमारत जमीदोंज की जा चुकी है।