उप मुख्यमंत्री केशव बोले, हम अति आत्मविश्वास के कारण घोसी उपचुनाव हारे

घोसी का उपचुनाव हम हारे हैं इससे इनकार नहीं किया जा सकता है। हार-जीत की समीक्षा पार्टी करेगी। निश्चित तौर पर लोकसभा चुनाव में हम कमल खिलाएंगे। भारतीय जनता पार्टी का गठबंधन वहां जीतेगा। उपचुनाव में हम सभी को अति आत्मविश्वास था जिसके कारण हारे हैं लेकिन हार को जीत में बदलने में समय नहीं लगता है। अखिलेश यादव जब मुख्यमंत्री थे तब सपा साफ हो गई थी। 2022 में वह सरकार बना रहे थे लेकिन नहीं बना पाए। एक सीट जीत लेने से वह जो गुब्बारे की तरह फूल रहे हैं। जनता उनकी हवा निकाल देगी। उक्त बातें एक दिवसीय भ्रमण पर बहराइच पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।

भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वह उप मुख्यमंत्री बाद में हैं, पहले पार्टी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि वह हर बार कार्यकर्ताओं से यही कहने आते हैं कि जैसे सभी पार्टी कार्यकर्ता हैं, वैसे ही वह भी भाजपा के सिपाही पहले हैं।

जी-20 सम्मेलन को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जी-20 की ऐतिहासिक सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई। आज भारत का मान पूरी दुनिया में बढ़ गया है। देश का सम्मान जब बढ़ता है तो सिर्फ प्रधानमंत्री का सम्मान नहीं बढ़ता बल्कि पूरे देश के नागरिकों का भी मान बढ़ता है। कांग्रेस जो सालों में नहीं कर पाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मात्र नौ सालों में कर दिया। जिसके चलते आज पूरे देश में एक ही आवाज गूंज रही है अबकी बार फिर मोदी सरकार।

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के बयान कि वह भाजपा को साफ कर देंगे के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर लोकसभा सीट और उन्होंने फूलपुर लोकसभा सीट छोड़ी थी तो वहां भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था जिसके बाद सपा गुब्बारे की तरह फूल गई थी। उसी तरह इस समय भी सपा गुब्बारे की तरह फूली है। जनता एक सुई चुभोएगी और हवा निकल जाएगी। कमल खिल जाएगा।

नेपाल के धर्म विशेष के लोगों द्वारा भारत की नागरिकता लेने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल में बेहतर संबंध है। अगर कोई इन संबंधो का गलत फायदा लेने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि प्रकरण को गंभीरता से लिया जाएगा और गहन जांच करवाई जाएगी।

इससे पूर्व उन्होंने भाजपा कार्यालय पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय व डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण किया साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उनमें आगामी चुनाव के लिए जोश भरा। इस दौरान पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप, सांसद बहराइच अक्षयवर लाल गोंड, पूर्व मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा और पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।