सीतामढ़ी: बीजेपी नेता के घर पर डकैतों ने बोला धावा, फायरिंग कर लूटे 10 लाख

सीतामढ़ी के बाजपट्टी थाना क्षेत्र के रसलपुर पंचायत के मालपट्टी गांव में डकैतों ने भाजपा नेता के घर पर धावा बोला। जहां से कैश समेत 10 लाख की डकैती को अंजाम दिया। पीड़ित की पहचान भाजपा नेता सुनील कुमार उर्फ मुन्ना सिंह के रूप में हुई है।

पीड़ित के घर पर एक दर्जन नकाबपोश डकैतों ने धावा बोला। पीड़ित ने बताया कि नगद सहित करीब दस लाख की संपत्ति लूट ली। दहशत फैलाने के उद्देश्य से दो से तीन राउंड फायरिंग भी की।

पीड़ित के मुताबिक शुक्रवार की रात करीब पौने दो बजे उनके चाचा कृष्णदेव सिंह के घर से खट-खट की आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई। वे जैसे ही घर से बाहर आए तो देखा कि डकैत उनके घर के ताले तोड़ रहे थे। तभी आठ से दस की संख्या में आए डकैतों ने मुझे देखकर गन पॉइंट पर ले लिया। उनमें तीन घर के अंदर चले गए और बाकी घर से बाहर से निगरानी करने लगे। फिर पत्नी को भी कब्जे में लेकर लूटपाट करना शुरू कर दी।

पीड़ित ने बताया कि करीब एक घंटे तक घर में रहकर जमकर लूटपाट की। सामान घरों में बिखेर दिया। लूटपाट करने के बाद सभी डकैत पश्चिम दिशा की ओर भागे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे भी बरामद किया है। डकैती की जानकारी मिलने पर डीएसपी विनोद कुमार व थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की तहकीकात की।

इस दौरान डकैतों ने दम्पति की पिटाई भी की। गृहस्वामी के पत्नी के सारे गहने भी उतरवा लिए। दहशत फैलाने के उद्देश्य से घर मे प्रवेश करते समय दो-तीन फायरिंग भी की। पीड़ित सुनील कुमार के मुताबिक बदमाशों ने तीस हजार कैश, करीब पचास चांदी के सिक्के और छह सोने के सिक्के सहित कई बेशकीमती आभूषण, मोबाइल आदि लूट लिए। सभी बदमाश बीस से पच्चीस आयु वर्ग के थे। आपस मे हिंदी में बात कर रहे थे। उनमें कुछ के मुंह ढके थे।