चीन में फिर बढ़ने लगा कोरोना का कहर , लगा लॉकडाउन घर से बाहर नहीं जाने की दी हिदायत

चीन में फिर बढ़ने लगे कोरोना मामले, 40 लाख की आबादी वाले लांझू शहर में लॉकडाउन। लोगों को जरूरी काम छोड़ किसी भी हाल में घर से बाहर नहीं जाने की हिदायत दी गई है। चीन में हाल में कोरोना वायरस के डेल्टा वेरिएंट ने बढ़ाई है चिंता, गांसू प्रांत में सभी पर्यटक स्थल भी बंद।

बीजिंग: चीन एक बार फिर कोरोना की चपेट में जाता नजर आ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार चीन सरकार ने मंगलवार को करीब 40 लाख की आबादी वाले शहर लांझू में लॉकडाउन लगाने का ऐलान कर दिया। लोगों को जरूरी काम छोड़ किसी भी हाल में घरों से बाहर नहीं जाने को कहा गया है।

लांझू चीन के उत्तरीपश्चिमी प्रांत गांसू की राजधानी है। चीन में घरेलू स्तर पर 29 नए कोरोना मामले सामने आए हैं, इसमें 6 लांझू शहर से हैं। इसक बाद स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया है।

लांझू में अधिकारियों का कहना है कि ‘निवासियों के प्रवेश और निकास’ पर कड़ाई से नियंत्रिण रखा जाएगा। आवश्यक आपूर्ति या चिकित्सा उपचार के लिए ही लोगों को आने-जाने की अनुमति है।

अधिकारी ने कहा, ‘सभी प्रकार के आवासीय समुदायों को इस बंद को लागू करना है।’ चीन में नए प्रतिबंध उस समय लागू किए गए हैं जब सोमवार को गांसू प्रांत के सभी पर्यटक स्थलों को भी बंद कर दिया गया।

गांसू प्रांत प्राचीन समय के रेशम मार्ग पर स्थित है और इसे बौद्ध धर्म से संबंधित चित्रों वाली गुफाओं और अन्य धार्मिक स्थलों के लिए पहचाना जाता है।