रूस में एक बार फिर बढ़ने लगा कोरोना , 24 घंटे में हजार से ज्यादा लोगो की गयी जान

कोरोना संक्रमण के खिलाफ विश्व को पहली वैक्सीन देने वाले देश रूस में एक बार फिर संक्रमण ने पैर पसारना शुरू कर दिया है। यहां हर दिन रिकॉर्ड तादाद में नए मामले सामने आ रहे हैं तो 24 घंटे में हजार से ज्यादा लोग जान गंवा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में यहां 40,096 नए मामले दर्ज किए गए तो 1,159 लोगों ने जान गँवा दी।

इस बीच सरकार ने मॉस्को ने 11 दिन के लॉकडाउन जैसी पाबंदियों की घोषणा करते हुए सभी गैर जरूरी सेवाओं पर पाबन्दी लगा दी है। यूरोप में इस समय सबसे अधिक नए कोरोना के मामले रूस में ही आ रहे हैं। रूस ने भले ही सबसे पहले स्पूतनिक वी और अन्य वैक्सीन बना ली है, किन्तु यहां टीकाकरण की दर बेहद कम है। हाल के सप्ताह में जिस तेजी से यहां संक्रमण फैल रहा है वह महामारी की शुरुआत के बाद से सबसे अधिक है।

सरकार ने दूसरे देशों की तरह सख्त लॉकडाउन की घोषणा तो नहीं की है, किन्तु मॉस्कों में गुरुवार से 7 नवंबर तक सभी अनावश्यक सेवाओं पर रोक लगा दी गई है। रिटेल दुकानें, रेस्ट्रॉन्ट के साथ ही खेल और मनोरंजन के संस्थानों को बंद कर दिया गया है। स्कूलों पर भी ताले लगा दिए गए हैं। खाने-पीने की चीजों की दुकानों के साथ दवा और जरूरी सेवाओं से जुड़ी दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई है।